उत्तर प्रदेश में आगामी चुनाव की तैयारी तेज, भाजपा ने बूथ, डिजिटल प्रशिक्षण और जनसंपर्क पर किया फोकस
लखनऊ, 11 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी चुनावों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर उत्तर प्रदेश में बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का अभियान तेज करने का फैसला किया है।
प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं से बूथ सशक्तीकरण, जनसंपर्क और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि विपक्ष के 'झूठ और दुष्प्रचार' का जवाब तथ्यों के आधार पर दिया जाए।
वहीं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने डिजिटल बूथ प्रशिक्षण, वृक्षारोपण अभियान और कारगिल विजय दिवस के कार्यक्रमों को प्राथमिकता के साथ सफल बनाने का निर्देश दिया। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, बूथ सशक्तीकरण, जनसंपर्क अभियानों, वृक्षारोपण, डिजिटल प्रशिक्षण अभियान और कारगिल विजय दिवस समेत विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत बूथ संगठन है। उन्होंने कहा कि बूथ पर काम करने वाला कार्यकर्ता ही चुनाव का वास्तविक योद्धा होता है और उसी के परिश्रम से संगठन की जीत सुनिश्चित होती है।
उन्होंने पदाधिकारियों से बूथ स्तर तक नियमित प्रवास, संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए उत्तर प्रदेश में संगठन और सरकार दोनों को पूरी ताकत के साथ जनता के बीच काम करना होगा। सभी पदाधिकारियों को संगठन के निर्धारित अभियानों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी और प्रत्येक अभियान को जनसंपर्क तथा जनविश्वास बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बनाना होगा।
पंकज चौधरी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष लगातार झूठ, भ्रम और दुष्प्रचार फैलाने का प्रयास कर रहा है। ऐसे समय में भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि वे समाज के हर वर्ग तक केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाएं तथा विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के आधार पर जवाब दें।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार नियमित संपर्क, संवाद, सक्रिय प्रवास और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंध हैं। प्रत्येक पदाधिकारी अपने क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करे और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन सुनिश्चित करे।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा का पूरा संगठन बूथ आधारित है और संगठन की सभी गतिविधियों का केंद्र बूथ होना चाहिए। उन्होंने बूथ सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए प्राथमिक एवं सक्रिय सदस्यों, पुराने और नए कार्यकर्ताओं, पूर्व पदाधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित संपर्क और समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
धर्मपाल सिंह ने आगामी वृक्षारोपण अभियान को संगठन का महत्वपूर्ण जनअभियान बताते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण राष्ट्रीय आवश्यकता है। उन्होंने पदाधिकारियों से अभियान को जनआंदोलन का रूप देने और पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
उन्होंने डिजिटल बूथ प्रशिक्षण अभियान को संगठन को तकनीक से जोड़ने की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ पर अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को सरल ऐप के माध्यम से डिजिटल प्रशिक्षण से जोड़ा जाए। इससे कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा और केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचा सकेंगे।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने कहा कि 26 जुलाई को पूरे प्रदेश में कारगिल विजय दिवस श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि, पूर्व सैनिकों का सम्मान और युवाओं में राष्ट्रसेवा की भावना जागृत करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक के अंत में दोनों नेताओं ने पदाधिकारियों से अनुशासन, समन्वय और सक्रियता के साथ संगठन के सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 July 2026 7:34 PM IST












