उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की नई रणनीति, सबसे ज्यादा ओबीसी पर दांव

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की नई रणनीति, सबसे ज्यादा ओबीसी पर दांव
उत्तर प्रदेश भाजपा ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देते हुए गुरुवार को नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह की अगुवाई में गठित नई टीम में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने के साथ-साथ कई ऐसे चेहरों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं, जिनकी नियुक्ति राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई है।

लखनऊ, 25 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश भाजपा ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देते हुए गुरुवार को नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह की अगुवाई में गठित नई टीम में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने के साथ-साथ कई ऐसे चेहरों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं, जिनकी नियुक्ति राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई है।

संगठन ने इस बार ओबीसी नेतृत्व को प्राथमिकता देते हुए अपने चुनावी सामाजिक समीकरणों को और स्पष्ट किया है। नई कार्यकारिणी में सबसे अधिक चर्चा समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं विधायक पूजा पाल और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र नीरज सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने की रही।

वहीं, प्रतापगढ़ के युवा नेता रोहित मिश्रा को भारतीय जनता युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर पार्टी ने युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने का संदेश दिया है। भाजपा ने इस बार अपने संगठनात्मक ढांचे में पिछड़े वर्गों को अधिक प्रतिनिधित्व देकर यह संकेत दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में उसकी रणनीति का केंद्र ओबीसी, दलित और महिला मतदाता होंगे। इसके विपरीत ब्राह्मण और ठाकुर वर्ग के प्रतिनिधित्व में मामूली कटौती देखने को मिली है।

नई टीम में 19 प्रदेश उपाध्यक्ष, 19 प्रदेश मंत्री, 8 प्रदेश महामंत्री, 6 मोर्चा अध्यक्ष, 6 क्षेत्रीय अध्यक्ष और 3 कार्यालय मंत्री शामिल किए गए हैं। संगठन में कई ऐसे नेताओं को भी स्थान मिला है जो हाल के वर्षों में अन्य दलों से भाजपा में आए हैं। इससे पार्टी ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि संगठन में जिम्मेदारी सामाजिक प्रभाव, संगठनात्मक सक्रियता और राजनीतिक उपयोगिता के आधार पर तय की जा रही है।

इसके अलावा 12 उपाध्यक्ष, 4 महामंत्री, और 9 मंत्री बाहर किए गए हैं। राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश को भी नई कार्यकारिणी में विशेष महत्व दिया गया है। क्षेत्र के प्रभावशाली गुर्जर नेता नवाब सिंह नागर को पश्चिम क्षेत्र का क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि पूर्व मंत्री सुरेश राणा को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। जाट, गुर्जर, त्यागी, और ब्राह्मण समुदायों के प्रभावशाली नेताओं को संगठन में जगह देकर भाजपा ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सामाजिक समीकरणों को साधने का प्रयास किया है।

विश्लेषक ने बताया कि राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जाने वाले पश्चिमी यूपी में मोहित बेनिवाल और नवाब सिंह नागर जैसे नेताओं को मिली जिम्मेदारियां यह संकेत देती हैं कि पार्टी क्षेत्र में संगठनात्मक मजबूती के साथ सामाजिक आधार को और व्यापक बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। पूर्वांचल और अवध क्षेत्र में भी संगठनात्मक संतुलन साधा गया है।

गोरखपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी विनोद राय को सौंपी गई है, जबकि अंबेडकरनगर के नेता अवधेश द्विवेदी को अवध क्षेत्र का क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। एमएलसी धर्मेंद्र सिंह को एक बार फिर प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने को संगठन के अनुभवी चेहरों पर भरोसे के रूप में देखा जा रहा है। आगरा के रामप्रताप सिंह चौहान और विजय शिवहरे समेत कई नए नेताओं को संगठन में प्रमुख स्थान देकर भाजपा ने स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं को भी स्पष्ट संदेश दिया है कि संगठनात्मक सक्रियता और सामाजिक प्रभाव को प्राथमिकता दी जाएगी।

वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषक वीरेंद्र सिंह रावत का कहना है कि भाजपा की नई प्रदेश टीम केवल संगठनात्मक फेरबदल नहीं, बल्कि 2027 विधानसभा चुनाव की सामाजिक और राजनीतिक रणनीति का खाका भी है। ओबीसी नेतृत्व को केंद्र में रखकर तैयार की गई यह कार्यकारिणी भाजपा के उस व्यापक चुनावी समीकरण की झलक देती है, जिसके जरिए पार्टी लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की जमीन तैयार करना चाहती है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   25 Jun 2026 8:13 PM IST

Tags

Next Story