उत्तराखंड किच्छा हत्याकांड में खुलासा, बहन से बात करने पर नाराज शख्स ने की युवक की हत्या

उत्तराखंड  किच्छा हत्याकांड में खुलासा, बहन से बात करने पर नाराज शख्स ने की युवक की हत्या
उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर के किच्छा क्षेत्र में हुए युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी शिवा को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

देहरादून, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर के किच्छा क्षेत्र में हुए युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी शिवा को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

दरअसल, यह पूरा मामला 17 अप्रैल की रात का है। किच्छा की पुरानी गल्ला मंडी निवासी दीपक कुमार पर अचानक चाकू से हमला किया गया। हमले के बाद गंभीर रूप से घायल दीपक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन 18 अप्रैल को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और पुलिस पर जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने का दबाव था। पुलिस ने भी तत्परता दिखाते हुए कई टीमें गठित कीं और जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई और तकनीकी साक्ष्यों को जुटाया गया।

जांच के दौरान पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे, जिनके आधार पर सोमवार को मुख्य आरोपी शिवा को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए जो वजह बताई, वह हैरान करने वाली थी।

बताया गया कि आरोपी की बहन और मृतक के बीच बातचीत चल रही थी, जिससे शिवा नाखुश था। 17 अप्रैल की रात बनखण्डी मंदिर के पास दोनों युवकों के बीच इसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर आरोपी ने दीपक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और यदि कोई अन्य व्यक्ति भी इस वारदात में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

--आईएनएस

डीके/एबीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 April 2026 8:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story