उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल सड़क हादसे पर सीएम धामी ने जताया शोक, राहत कार्य तेज करने का दिया आदेश
देहरादून, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी गढ़वाल जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "जनपद टिहरी गढ़वाल के चंबा क्षेत्र अंतर्गत नैल-कोटी कॉलोनी मार्ग पर वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। जिला प्रशासन को घायलों के उचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं। बाबा केदार से घायलों के स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।"
मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वालों की आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के सख्त निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने बाबा केदारनाथ से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की।
बता दें कि टिहरी गढ़वाल के थाना चंबा क्षेत्र अंतर्गत चंबा-कोटी नैल मार्ग पर एक यूटिलिटी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया था। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए। वाहन में कुल 10 लोग सवार थे, जो हरिद्वार में एक अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद घनसाली क्षेत्र के अपने गांव लौट रहे थे।
घायलों की पहचान उत्तम कुमार (30 वर्ष), निवासी ग्राम लोस्तु बड़ियारगढ़ और अंकित (22 वर्ष), निवासी ग्राम नेलचामी, घनसाली के रूप में हुई है। दोनों घायलों को जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है और दोनों खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और शवों को खाई से बाहर निकाला जा रहा है। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 April 2026 6:58 PM IST












