देवदत्त पडिक्कल ने कहा, रन चेज को आसान बना देते हैं विराट कोहली
नई दिल्ली, 29 मार्च (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने कहा कि रनों का पीछा करने के दौरान विराट कोहली के साथ बल्लेबाजी करने से दबाव कम हो जाता है और खेल को समझना भी आसान हो जाता है।
आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 6 विकेट से हराया। टीम की इस जीत के सूत्रधार विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल रहे। कोहली-पडिक्कल ने दूसरे विकेट के लिए मिलकर शतकीय साझेदारी निभाई। कोहली ने 38 गेंदों में नाबाद 69 रन बनाए जबकि पडिक्कल ने 61 रन बनाए। इन दोनों की शानदार बल्लेबाजी के बूते आरसीबी ने एसआरएच से मिले 202 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 15.4 ओवर में ही हासिल कर लिया।
आईपीएल द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में पडिक्कल ने कहा कि जब कोहली दूसरे छोर पर होते हैं, तो उन्हें पता रहता है कि मैच किस रफ्तार से आगे बढ़ाना है। इससे उन्हें खुलकर खेलने की आजादी मिलती है और ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने बताया कि कोहली को अच्छी तरह पता रहता है कि लक्ष्य का पीछा कैसे करना है। इसी वजह से बाकी बल्लेबाजों के लिए खेल आसान हो जाता है और टीम सही दिशा में आगे बढ़ती रहती है।
पडिक्कल ने अपनी बल्लेबाजी को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि मैं बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहा हूं। जब आपके पास वह आत्मविश्वास और आपके पीछे रन होते हैं, तो मैदान पर चीजें हमेशा थोड़ी आसान हो जाती हैं। हालांकि, हर मैच एक नया मैच होता है और आपको अपने प्रोसेस पर टिके रहना होता है और उन चीजों पर टिके रहना होता है जो पिछले कुछ सालों से आपके लिए काम कर रही हैं, और मैं यही करना चाहता हूं।"
आरसीबी की जीत में गेंदबाज जैकब डफी का भी बड़ा योगदान रहा, जिन्होंने अपने डेब्यू मैच में तीन विकेट लिए। पडिक्कल ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि नए खिलाड़ी के लिए ऐसे बड़े मुकाबले में अच्छा प्रदर्शन करना आसान नहीं होता लेकिन डफी ने हिम्मत और समझदारी से गेंदबाजी की। पडिक्कल के अनुसार, हैदराबाद की मजबूत बल्लेबाजी क्रम के खिलाफ शुरुआत में विकेट लेना बहुत जरूरी था और डफी ने यह काम बखूबी किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 March 2026 2:34 PM IST











