वत्सल सेठ ने एआई की मदद से लिखी अजय देवगन की फिल्म ‘हैप्पी बर्थडे जोशी’ की स्क्रिप्ट
मुंबई, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। अभिनेता वत्सल सेठ ने अजय देवगन की फिल्म ‘हैप्पी बर्थडे जोशी’ के लिए राइटर का काम किया है। फिल्म की कहानी दुनिया के पहले कंप्यूटर वायरस से प्रेरित है, जिसे एक रूपक के रूप में इस्तेमाल किया गया है। वत्सल सेठ ने स्पष्ट किया कि उन्होंने फिल्म बनाने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल केवल एक टूल के रूप में किया है, न कि कहानी कहने वाले के रूप में।
'हैप्पी बर्थडे जोशी’ एक ड्रामा फिल्म है, जो आधुनिक तकनीक और मानवीय भावनाओं के बीच के रिश्ते को खास अंदाज में पेश करती है। वत्सल सेठ का कहना है कि एआई का सही और संतुलित इस्तेमाल कहानी को और बेहतर बना सकता है, लेकिन असली कहानीकार हमेशा इंसान ही रहना चाहिए।
वत्सल ने कहा, “हम एआई से सिर्फ इसलिए कुछ नहीं बना रहे क्योंकि यह शानदार विजुअल्स दे सकता है। हम इसका इस्तेमाल एक स्मार्ट और मददगार टूल की तरह करते हैं, ताकि और भी ज्यादा अर्थपूर्ण और गहरी कहानियों को जीवंत किया जा सके।”
उन्होंने बताया कि एआई की मदद से वह उन कहानी कहने की संभावनाओं को खोज रहे हैं, जो पहले बजट की कमी के कारण सीमित रह जाती थीं। वत्सल का कहना है कि एआई हमें बिना किसी समझौते के बड़ी और ज्यादा प्रभावशाली कहानियां बनाने में मदद करता है। वे जोर देकर कहते हैं कि एआई क्वालिटी या भावनात्मक गहराई से कभी समझौता नहीं करता, बल्कि कहानी को और मजबूत बनाता है। फिल्म ‘हैप्पी बर्थडे जोशी’ सच्ची घटनाओं से प्रेरित है।
हाल ही में अजय देवगन ने सोशल मीडिया पर फिल्म का फर्स्ट लुक जारी किया था। इस पोस्टर में एक हाथ का क्लोज-अप दिखाया गया है, जिसमें एक फ्लॉपी डिस्क है और उस पर ‘हैप्पी बर्थडे जोशी’ लिखा है। टैगलाइन में लिखा है, ‘सच्ची घटना से प्रेरित।’
इस फिल्म को अजय देवगन और दानिश देवगन ने लेंस वॉल्ट स्टूडियोज के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। अंशुल कुमार शर्मा फिल्म के डायरेक्टर हैं, जबकि साहिल नायर क्रिएटिव प्रोड्यूसर के रूप में जुड़े हैं। फिल्म का बैकग्राउंड म्यूजिक जोएल क्रास्टो ने तैयार किया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 April 2026 9:09 PM IST












