विजयदशमी पर मनोज सिन्हा और पुष्कर सिंह धामी ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं
नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने प्रदेशवासियों को विजयदशमी की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। देशभर में विजयदशमी का पर्व मंगलवार यानी 20 अक्टूबर को मनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड वासियों को विजयदशमी की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में कहा कि यह पर्व अधर्म पर धर्म, बुराई पर अच्छाई तथा असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपने भीतर की बुराइयों को त्यागकर जीवन में सदाचार की राह पर चलने की प्रेरणा देता है। आज जरूरत इस बात की है कि हम अपने जीवन में अहंकार से मुक्त होकर सच्चाई के रास्ते पर चलें और प्रदेश व देश की सामाजिक समरसता के लिए मिलजुल कर कार्य करें।
पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह पावन पर्व हमें इस बात का भी स्मरण कराता है कि सच्चाई का साथ देने वालों की हमेशा जीत होती है।
इस पावन पर्व पर भगवान श्रीराम की शिक्षाओं को आत्मसात कर जीवन को सार्थक बनाने की प्रदेशवासियों से अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्म और सत्य की विजय के इस मंगल पर्व पर प्रभु श्रीराम से यही प्रार्थना है कि सब सुखी हों, सबका कल्याण हो, हर घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली आए।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने विजयदशमी की पूर्व संध्या पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी हैं। एक संदेश में उपराज्यपाल ने कहा, "विजयदशमी के शुभ अवसर पर मैं सभी को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।"
उन्होंने कहा कि विजयदशमी का पर्व, जो देश के विभिन्न भागों में दशहरा और दुर्गा पूजा के रूप में मनाया जाता है, बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन इन शाश्वत गुणों का उदाहरण है और हमें सदाचारी जीवन जीने के लिए प्रेरित करता है। यह विजयदशमी, दशहरा और दुर्गा पूजा सभी के लिए शांति, सुख और समृद्धि लाए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Oct 2026 8:05 PM IST












