विश्व डाक दिवस 2026 9 से 15 अक्टूबर तक मनाया जाएगा राष्ट्रीय डाक सप्ताह, जानें इस वर्ष की थीम और उद्देश्य
नई दिल्ली, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। डाक सेवा समाज और देश के संचार, वित्तीय और सामाजिक विकास की रीढ़ है, जो कम खर्च में सबसे दूर-दराज और ग्रामीण इलाकों तक भी अपनी पहुंच बनाती है। डाक सेवा के महत्व को समझते हुए, इसके बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए हर वर्ष 9 अक्टूबर को विश्व डाक दिवस मनाया जाता है। डाक दिवस के दिन से ही राष्ट्रीय डाक सप्ताह का शुभारंभ हो जाता है, जो इस वर्ष 9 से 15 अक्टूबर तक मनाया जाएगा।
विश्व डाक दिवस 'यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन' की वर्षगांठ के रूप में मनाया जाता है। दरअसल, 9 अक्टूबर 1874 को स्विट्जरलैंड की राजधानी बर्न में 22 देशों ने एक संधि पर हस्ताक्षर करके 'यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन' का गठन किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में हर वर्ष 9 अक्टूबर को विश्व डाक दिवस मनाया जाता है।
9 अक्टूबर को 'विश्व डाक दिवस' के रूप में मनाने की घोषणा सबसे पहले वर्ष 1969 में जापान के टोक्यो में आयोजित यूनिवर्सल पोस्टल कांग्रेस के दौरान की गई थी। इस दिन को मनाने का उद्देश्य लोगों के रोजमर्रा के जीवन, वैश्विक सामाजिक और आर्थिक विकास में डाक की भूमिका के प्रति जागरूकता फैलाना है।
इस वर्ष विश्व डाक दिवस मनाने की थीम 'एक डाक नेटवर्क, अनंत संभावनाएं' है। विश्व डाक दिवस और राष्ट्रीय डाक सप्ताह के दौरान विभिन्न कार्यक्रम और समारोह आयोजित कर पारंपरिक चिट्ठियों से लेकर डिजिटल लॉजिस्टिक्स, बैंकिंग और ई-कॉमर्स सेवाओं की जानकारी दी जाती है। यह दिन दुनिया भर में सीमाओं के पार पत्र-व्यवहार और संचार को कुशल और किफायती तरीके से सुलभ बनाने में डाक नेटवर्क के महत्व को उजागर करता है।
भारतीय डाक दुनिया का सबसे बड़ा डाक नेटवर्क है। भारत में डाक व्यवस्था की शुरुआत 1766 में हुई थी। भारत 'यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन' का सदस्य 1 जुलाई 1876 को बना था। वर्तमान समय में देशभर में 1,64,999 डाकघर कार्यरत हैं। इनमें शहरी डाकघर की संख्या 15,614 और ग्रामीण डाकघर 1,49,385 हैं। वहीं, मुख्य डाकघर 810, उप-डाकघर 24,281 और शाखा डाकघर 13,990 हैं।
बता दें कि औसतन, एक डाकघर देश में 7,339 लोगों को सेवा प्रदान करता है। वहीं, डाकघर द्वारा सेवा प्रदान किया जाने वाला औसत क्षेत्रः 19.92 वर्ग किलोमीटर है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Oct 2026 6:53 PM IST












