'व्यक्तिगत नहीं, टीम के लिए सबकुछ हासिल करना चाहता हूं' भुवनेश्वर कुमार

व्यक्तिगत नहीं, टीम के लिए सबकुछ हासिल करना चाहता हूं भुवनेश्वर कुमार
आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए खेल रहे और शानदार प्रदर्शन कर रहे तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने कहा है कि अपने करियर के इस स्टेज पर, टीम की सफलता में योगदान देना, निजी उपलब्धि का पीछा करने से ज्यादा मायने रखता है।

अहमदाबाद, 1 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए खेल रहे और शानदार प्रदर्शन कर रहे तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने कहा है कि अपने करियर के इस स्टेज पर, टीम की सफलता में योगदान देना, निजी उपलब्धि का पीछा करने से ज्यादा मायने रखता है।

गुरुवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ हुए मुकाबले में 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट लेने और पर्पल कैप अपने नाम करने वाले भुवनेश्वर कुमार ने मैच के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा, "यह अच्छा है कि मुझे पर्पल कैप मिली। लेकिन मुझे लगता है कि मैं उस फेज से बाहर आ गया हूं जहां मैं निजी कुछ हासिल करना चाहता हूं। मैं अब भी कुछ हासिल करना चाहता हूं, लेकिन अब यह टीम के बारे में ज्यादा है। मैं अब युवा नहीं रहा। जब आप युवा होते हैं, तो आप स्वाभाविक रूप से उन पुरस्कारों को पाने का लक्ष्य रखते हैं, और वे तब मिलते हैं जब आप अच्छा प्रदर्शन करते हैं।"

भुवनेश्वर ने कहा, "जब आप टीम की सफलता के लिए काम करते हैं और व्यक्तिगत इनाम भी पाते हैं, तो अच्छा लगता है। लेकिन ईमानदारी से कहूं तो, मैं बस अपना श्रेष्ठ देने की कोशिश कर रहा हूं। मुझे टीम प्रबंधन से आत्मविश्वास मिल रहा है, और यही सबसे ज्यादा मायने रखता है।"

36 साल के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज और स्विंग किंग के नाम से मशहूर भुवनेश्वर कुमार 9 मैचों में 17 विकेट लेकर पर्पल कैप होल्डर हैं।

गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेला गया मुकाबला उनके टी20 करियर का 325वां मुकाबला था। इस मैच के दौरान उन्होंने अपने 350 टी20 विकेट पूरे किए और ऐसा करने वाले पहले भारतीय तेज गेंदबाज और ओवरऑल दूसरे भारतीय गेंदबाज बने। भुवनेश्वर टी20 में कुल 352 विकेट ले चुके हैं। इस दौरान उन्होंने पांच बार चार और पांच बार पांच विकेट लिए हैं।

भुवनेश्वर कुमार ने 22 नवंबर 2022 को भारतीय टीम के लिए आखिरी बार खेला था। वह घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लगातार सक्रिय हैं और अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं, लेकिन टीम इंडिया में उन्हें मौका नहीं मिला है। आईपीएल 2026 में उनके प्रदर्शन को देखने के बाद एक बार फिर से उन्हें भारतीय टीम में जगह देने की मांग उठने लगी है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 May 2026 11:33 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story