वर्ल्ड एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप तीन मेडल के साथ भारत ने किया टूर्नामेंट का अंत, हाई जंप में सातवें स्थान पर रहीं पूजा
यूजीन, 10 अगस्त (आईएएनएस)। वर्ल्ड एथलेटिक्स अंडर 20 चैंपियनशिप में भारत का अभियान तीन मेडल के साथ खत्म हुआ। नेशनल सीनियर रिकॉर्ड होल्डर पूजा सिंह का प्रदर्शन महिलाओं की हाई जंप फाइनल में निराशाजनक रहा और वह सातवें स्थान पर रहीं।
19 साल की पूजा इस साल की शुरुआत में 1.93 मीटर का नेशनल सीनियर रिकॉर्ड बनाने के बाद इस प्रतियोगिता में एक मजबूत दावेदार के तौर पर उतरी थीं। हालांकि, फाइनल में वह केवल 1.84 मीटर ही पार कर सकीं। इसके बाद वह 1.87 मीटर की ऊंचाई पार करने की तीनों कोशिशों में नाकाम रहीं और प्रतियोगिता से बाहर हो गईं।
ऑस्ट्रेलिया की इजोबेल लुइसन-रो ने 1.92 मीटर की ऊंचाई पार करके गोल्ड मेडल जीता। हंगरी की लिलियाना बाटोरी और स्पेन की एताना अलोंसो ने क्रमशः सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल को अपने नाम किया ।इस सीजन की शुरुआत में पूजा का प्रदर्शन शानदार रहा था। उन्होंने मई में एशियन अंडर 20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 1.93 मीटर का रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड मेडल जीता था। वह सीनियर एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मौजूदा चैंपियन भी हैं।
भारत की महिलाओं की 4x400 मीटर रिले टीम को चुनौतियों का सामना करना पड़ा और वह फाइनल में 3:45.28 के समय के साथ आखिरी स्थान पर रही। भारतीय टीम में भूमिका नेहते, तहुरा खातून, तनु चौधरी और थिया अरुमुगम शामिल थीं। अमेरिका ने 3:29.15 के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 3:31.39 के साथ सिल्वर और ग्रेट ब्रिटेन ने 3:32.08 के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
भारत ने चैंपियनशिप का समापन दो सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल के साथ किया, जो 2021 और 2022 के संस्करणों में जीते गए कुल मेडल की संख्या के बराबर है। आशीष यादव ने पुरुषों की जैवलिन थ्रो में सिल्वर मेडल जीतकर भारत को टूर्नामेंट का पहला मेडल दिलाया था। वहीं, बसंत कुमार मेघवाल ने पुरुषों की हाई जंप में एक और सिल्वर मेडल जोड़ा, जबकि शाहनवाज खान ने पुरुषों की लॉन्ग जंप में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 Aug 2026 1:44 PM IST












