यूथ टेस्ट मैच ईशान ओम ने खोला 'पंजा', ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम सिर्फ 217 रन पर ढेर
राजकोट, 27 सितंबर (आईएएनएस)। भारत की अंडर-19 टीम ने रविवार को निरंजन शाह स्टेडियम में जारी अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज के पहले मैच की पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम को सिर्फ 217 रन पर ढेर कर दिया। इसके बाद दिन की समाप्ति तक भारतीय खेमे ने बगैर कोई विकेट गंवाए 8 रन बना लिए हैं।
चार दिवसीय मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम पहली पारी में सिर्फ 217 रन ही बना सकी। इस टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। आलम ये रहा कि 27 के स्कोर तक 3 विकेट गिर गए थे, जिसके बाद ब्लेक केटल ने जेड हॉलिक के साथ चौथे विकेट के लिए 147 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 174 के स्कोर तक पहुंचा दिया।
हॉलिक 160 गेंदों में 7 चौकों के साथ 59 रन बनाकर आउट हुए, जबकि ब्लेक ने 198 गेंदों में 102 रन की पारी खेली, जिसमें 14 चौके शामिल रहे। इस जोड़ी के टूटने के बाद विकेटों का पतझड़ लग गया और पूरी टीम 86.5 ओवरों में सिमट गई। इस बीच एली ब्रेन ने नाबाद 25 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। मेजबान टीम से ईशान ओम ने 24.5 ओवरों में 53 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए, जबकि मोहित ने 3 विकेट चटकाए। इनके अलावा, कप्तान यशबर्धन चौहान को 2 सफलताएं हाथ लगीं।
इसके जवाब में, पहले दिन की समाप्ति तक भारतीय टीम ने महज 1 ओवर का सामना किया। केसी बार्टन के ओवर की सभी गेंदें लक्ष्य राजेश रायचंदानी ने खेलीं, जिन्होंने 2 चौकों के साथ 8 रन बनाए।
यशबर्धन चौहान की कप्तानी में भारतीय टीम लक्ष्य राजेश रायचंदानी, सागर विर्क, कुशाग्र ओझा, मनल चौहान, कुश पटेल, मानव कृष्णा (विकेटकीपर), ईशान ओम, मोहित उलवा, प्रियांशु सिंह और प्रणव राघवेंद्र के साथ यह मैच खेल रही है।
वहीं, ऑस्ट्रेलियाई खेमा इस मुकाबले में नील पटेल, हेडन बार्बुलोविक, मैथ्यू लॉफ (कप्तान), जेड हॉलिक, ब्लेक कैटल, एली ब्रेन, चार्ली हेंडरसन (विकेटकीपर), केसी बार्टन, कॉनर ग्रेगरी, स्पेंसर ग्रीन और थियो त्सिंगोस के साथ उतरा है।
भारत की अंडर-19 टीम ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में 3-0 से 'क्लीन स्वीप' कर चुकी है। मेजबान टीम अब टेस्ट सीरीज में भी क्लीन स्वीप के इरादे से उतरी है, जिसका दूसरा और अंतिम मैच 5 अक्टूबर से अहम खेला जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Sept 2026 6:53 PM IST












