युवाओं के लिए सुनहरा मौका एसईसीएल में 1600 अप्रेंटिस पदों पर बंपर वैकेंसी, 31 मार्च तक भरे फॉर्म
नई दिल्ली, 18 मार्च (आईएएनएस)। देश के प्रसिद्ध संस्थान के साथ जुड़ने से अपने शानदार करियर की शुरुआत करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने ग्रेजुएट अप्रेंटिस और तकनीशियन अप्रेंटिस के अलग-अलग स्ट्रीम में कुल 1600 पदों पर बंपर वैकेंसी निकाली है।
एसईसीएल की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है, और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार जारी पदों के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
एसईसीएल ने अप्रेंटिस के जिन 1600 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें – माइनिंग इंजीनियरिंग में ग्रेजुएट के 200, सिविल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएट के 20, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएट के 30, मैकेनिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएट के 30, इलेक्ट्रिकल और टेलीकॉम इंजीनियरिंग में ग्रेजुएट के 10, एडमिनिस्ट्रेशन (बीबीए) में ग्रेजुएट के 25, कंप्यूटर एप्लीकेशन (बीसीए) में ग्रेजुएट के 100, कॉमर्स (बीकॉम) में ग्रेजुएट के 50, साइंस (बीएससी केमिस्ट्री) में ग्रेजुएट के 35, खनन इंजीनियरिंग में तकनीशियन के 900, खनन सर्वेक्षण में तकनीशियन के 40, सिविल इंजीनियरिंग में तकनीशियन के 40, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में तकनीशियन के 50, मैकेनिकल इंजीनियरिंग में तकनीशियन के 50 और इलेक्ट्रिकल और टेलीकॉम इंजीनियरिंग में तकनीशियन के 20 पद शामिल हैं।
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद के अनुसार 4 वर्षीय बीई/बीटेक/बीएससी/बीकॉम/बीबीए/बीसीए की डिग्री या तकनीशियन पद के लिए संबंधित इंजीनियरिंग शाखा में 3 वर्षीय डिप्लोमा होना चाहिए। वहीं, उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 साल निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 31 मार्च के आधार पर की जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन बिना लिखित परीक्षा सीधे शॉर्टलिस्टिंग, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल फिटनेस टेस्ट के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को पद अनुसार 10,900 से 12,300 प्रति महीने स्टाइपेंड के तौर पर दिए जाएंगे।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए, उम्मीदवार सबसे पहले खुद को एनएटीएस 2.0 पोर्टल पर रजिस्टर करें। इसके बाद एसईसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद जारी पद से संबंधित सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। फिर एक नया पेज खुलेगा। वहां रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। फिर फॉर्म चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में एप्लीकेशन फॉर्म का प्रिंटआउट भविष्य के लिए निकाल लें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 March 2026 6:44 PM IST












