युवराज ने दिया वैभव सूर्यवंशी को नया नाम, 15 वर्षीय बल्लेबाज को मेंटर करने की जताई इच्छा

युवराज ने दिया वैभव सूर्यवंशी को नया नाम, 15 वर्षीय बल्लेबाज को मेंटर करने की जताई इच्छा
भारत के पूर्व स्टार बल्लेबाज युवराज सिंह ने 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को नया नाम दिया है। युवराज ने उन्हें 'टर्मिनेटर 6' वैभव सूर्यवंशी बताया है। इसके साथ ही उन्होंने वैभव का मेंटर बनने की इच्छा भी जाहिर की है।

नई दिल्ली, 13 जुलाई (आईएएनएस)। भारत के पूर्व स्टार बल्लेबाज युवराज सिंह ने 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को नया नाम दिया है। युवराज ने उन्हें 'टर्मिनेटर 6' वैभव सूर्यवंशी बताया है। इसके साथ ही उन्होंने वैभव का मेंटर बनने की इच्छा भी जाहिर की है।

वैभव ने भारत ए की तरफ से खेलते हुए श्रीलंका ए के खिलाफ सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ मिले तीन मौकों को वैभव भुनाने में नाकाम रहे और वह 3 मैचों में सिर्फ 42 रन ही बना सके।

युवराज ने 'जियोस्टार' पर कहा, "मैं हमेशा खुद को टर्मिनेटर कहता हूं। अब 'टर्मिनेटर 4' अभिषेक शर्मा हैं, जो मुझसे चार गुना बेहतर हैं। उनके बाद 'टर्मिनेटर 6' वैभव सूर्यवंशी आते हैं, जो और भी ज्यादा बेहतर हुए हैं। मैंने अपने समय में अपना काम किया, अभिषेक ने इसे और आगे बढ़ाया, और अब वैभव नए स्टैंडर्ड सेट कर रहे हैं। यह उसी सफर का तीसरा चरण है। खेल को आगे बढ़ते हुए देखना बहुत अच्छा लगता है।"

उन्होंने आगे कहा, "जब मैं सिनर और अल्काराज को देखता हूं, तो मुझे दिखता है कि टेनिस कैसे बदल रहा है। मुझे अभिषेक और वैभव में भी वही बदलाव दिखता है। मैंने अभिषेक को ट्रेनिंग देने में काफी समय बिताया है, और मैं वैभव के साथ भी समय बिताना पसंद करूंगा। उनका करियर बहुत शानदार होने वाला है। वह भविष्य के एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं, और मुझे यकीन है कि वह उस मुकाम तक पहुंचेंगे।"

रविवार को सूर्यवंशी और अभिषेक ने जानिक सिनर और अलेक्जेंडर ज्वेरेव के बीच हुए विंबलडन 2026 के पुरुष एकल फाइनल देखने के लिए ऑल इंग्लैंड क्लब का दौरा किया। वैभव और अभिषेक के साथ युवराज भी नजर आए। पूर्व दिग्गज बल्लेबाज से मिलने का अपना अनुभव शेयर करते हुए वैभव ने युवराज को अपना आदर्श बताया।

उन्होंने कहा, "युवराज पाजी मेरे भी आदर्श हैं। उनसे पहली बार मिलना एक खास पल था। मुझे उनके साथ समय बिताने का मौका मिला और उन्होंने खेल के बारे में कई अहम बातें बताईं। उन्होंने खेल के मानसिक पहलू, दबाव को कैसे संभालें और खुद पर भरोसा करने की अहमियत के बारे में बात की। उनके जैसे व्यक्ति से इतना कुछ सीखने को मिलना बहुत अच्छा लगता है। मुझे यकीन है कि इससे मेरे करियर में आगे बहुत मदद मिलेगी।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 July 2026 3:22 PM IST

Tags

Next Story