Maharashtra Municipal Election: 'न BJP, न इंडिया अलायंस, हम...', 125 सीटों पर जीत के बाद ओवैसी ने की बड़ी घोषणा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव में बीजेपी ने जीत का परचम लहरा दिया है। इन नतीजों के बाद राज्य के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। इस बीच एआईएमआईएम पार्टी के चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने बीएमसी चुनाव में अपनी पार्टी के शानदार प्रदर्शन पर खुशी जाहिर की है। बता दें, महाराष्ट्र की 13 महानगरपालिकाओं में 125 पार्षदों (कॉर्पोरेटर) की जीत को ऐतिहासिक करार दिया है। ओवैसी ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी का भारतीय जनता पार्टी (BJP) या विपक्षी 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन के साथ जाने का कोई मकसद नहीं है।
यह भी पढ़े -तमिलनाडु चुनाव से पहले गठबंधन की खींचतान में फंसे पीएमके संस्थापक रामदास, डीएमके का दबाव तेज
ओवैसी ने बीजेपी और कांग्रेस पर साधा निशाना
ओवैसी ने दो टूक जवाब देते हुए कहा कि उनकी लड़ाई उन लोगों के लिए है, जिन्होंने उन्हें जनादेश दिया है, न कि सत्ता के जोड़-तोड़ के लिए। हैदराबाद में शनिवार को मीडिया से बातचीत के दौरान ओवैसी ने महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव में एआईएमआईएम की जीत को लेकर चर्चा की। उन्होंने जीत का श्रेय अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को दिया। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि AIMIM अब केवल एक वर्ग की पार्टी नहीं रही। उन्होंने कहा, 'मैं अल्लाह का शुक्रगुजार हूं। हमारे कई हिंदू भाई, जिनमें दलित, अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के उम्मीदवार शामिल हैं, हमारी पार्टी के टिकट पर जीते हैं।'
बता दें, इस बार छत्रपति संभाजीनगर और सोलापुर जैसे इलाकों में AIMIM, भाजपा के बाद दूसरी सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी है। वहीं, मुंबई (BMC) में भी पार्टी ने 8 सीटों पर अपना परचम लहराया है।
अमूमन विपक्षी दलों की ओर से अक्सर लगाए जाजने वाले 'बी-टीम' के आरोप पर ओवैसी हमलावर नजर आए हैं। उन्होंने कहा, 'ऐसे आरोपों का मेरे पास कोई इलाज नहीं है. जो लोग हमें बी-टीम कहते हैं, वे दरअसल उन लाखों मतदाताओं का अपमान कर रहे हैं, जिन्होंने हमें वोट दिया है. अगर आप जनता के जनादेश का अनादर करेंगे, तो आपका पतन निश्चित है।'
यह भी पढ़े -सपा सांसद बीरेंद्र सिंह पर ओपी राजभर का पलटवार, बोले-ये कभी रामदरबार के पक्ष में नहीं रहे
गठबंधन की संभावना पर कही ये बात
वहीं, ओवैसी ने भविष्य में गठबंधन की अटकलों को भी गलत ठहराते हुए अकोट का उदाहरण दिया। ओवैसी ने अपने पार्षदों को सख्त निर्देश दिए कि वे किसी भी ऐसे समूह का हिस्सा न बनें, जिसमें भाजपा शामिल हो। उन्होंने याद दिलाया कि पार्टी अनुशासन सर्वोपरि है, जैसा कि पहले इम्तियाज जलील ने एक सदस्य को भाजपा उम्मीदवार का समर्थन करने पर सस्पेंड करके दिखाया था।
ओवैसी ने एक संपादक की ईमानदारी के साथ अपनी कमी को भी स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि वह पश्चिमी महाराष्ट्र पर अधिक ध्यान नहीं दे पाए. उन्होंने विश्वास जताया कि अगर वहां अधिक समय दिया जाता, तो परिणामों का आंकड़ा और भी बड़ा हो सकता था. हारने वाले उम्मीदवारों को ढांढस बंधाते हुए उन्होंने कहा कि जीत से ज्यादा जरूरी किए गए वादों को पूरा करना है। उन्होंने कहा, 'जीतना मुश्किल काम है, लेकिन लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना उससे भी बड़ी जिम्मेदारी है. मैं अपने सभी कॉर्पोरेटर्स से अपील करता हूं कि वे जमीन से जुड़े रहें और जनता की सेवा करें.’
बता दें, महाराष्ट्र में 15 जनवरी 2026 को 29 नगर निगमों का चुनाव हुआ था। इन चुनावों को 2029 के विधानसभा चुनाव से पहले का 'लिटमस टेस्ट' माना जा रहा था। AIMIM ने अपनी पिछली 56 सीटों की संख्या को दोगुने से अधिक (125) कर यह साबित कर दिया है कि राज्य के शहरी निकायों में उसकी पकड़ मजबूत हुई है, विशेषकर मराठवाड़ा और विदर्भ के क्षेत्रों में।
Created On :   17 Jan 2026 6:11 PM IST












