Ajit Pawar Baramati Plane Crash: अजित पवार के निधन पर ममता बनर्जी का छलका दर्द, एक्स पर पोस्ट में हादसे की जांच की उठाई मांग

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के चीफ अजित पवार का बुधवार सुबह प्लेन क्रैश में निधन हो गया। उनके निधन के बाद सियासी गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। इस बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अजित पवार के निधन पर शोक व्यक्त किया है। इसके साथ ही उन्होंने हादसे की जांत की मांग की है। बता दें, मुंबई से बारामती जा रहे अजित पवार का विमान बुधवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में अजित पवार समेत कुल 5 लोगों की मौत हो गई।
सीएम ममता बनर्जी ने एक्स पर किया पोस्ट
इस हादसे को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि इस दर्दनाक हादसे की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि दुर्घटना के कारणों का पता चल सके। उन्होंने हादसे को बेहद गंभीर बताते हुए जवाबदेही तय करने की जरूरत पर जोर दिया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ममता बनर्जी ने लिखा कि इस खबर से वह स्तब्ध और बेहद आहत हैं। ममता बनर्जी ने अपने संदेश में कहा, 'अजित पवार के अचानक निधन से मैं बेहद दुखी और स्तब्ध हूं। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और उनके साथ यात्रा कर रहे अन्य लोग आज सुबह बारामती में हुए भयानक विमान हादसे में जान गंवा बैठे। यह देश के लिए बड़ी क्षति है।'
यह भी पढ़े -राष्ट्रपति के अभिभाषण के दौरान विपक्ष की नारेबाजी पर भड़के जेपी नड्डा, पूछा- 'वंदे मातरम' से क्यों परेशानी है?
प्लैन क्रैश में अजित पवार का हुआ निधन
इस हादसे को लेकर अजित पवार के अलावा विमान के दोनों पायलट और उनके सुरक्षा कर्मी की भी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा विमान के लैंडिंग के दौरान हुआ था।
इस दुर्घटना के बाद सियासी गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। दिल्ली से भी कई नेता एनसीपी संस्थापक शरद पवार के आवास के लिए रवाना हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से फोन पर बात कर हादसे की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार, अजित पवार का विमान सुबह करीब 8 बजे मुंबई से रवाना हुआ था और बारामती में लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर आग, धुआं और विमान के क्षतिग्रस्त हिस्से दिखाई दिए। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने पुष्टि की है कि विमान में सवार सभी लोगों की इस हादसे में मौत हो गई।
Created On :   28 Jan 2026 4:50 PM IST












