दिल्ली शराब घोटाला मामला: केजरीवाल-सिसोदिया के बरी होने पर गरमाई सियासत, AAP ने की PM मोदी से माफी की मांग, RJD-BJP ने भी किया रिएक्ट

केजरीवाल-सिसोदिया के बरी होने पर गरमाई सियासत, AAP ने की PM मोदी से माफी की मांग, RJD-BJP ने भी किया रिएक्ट
अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया सहित सभी लोगों को शराब घोटाला मामले से बरी कर दिया गया है। दिल्ली राउज एवेन्यू कोर्ट ने शुक्रवार को यह फैसला सुनाते हुए सीबीआई को फटकार लगाई है। इस मामले पर नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली शराब घोटाला मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया सहित अन्य लोगों को सभी आरोपों से बरी कर दिया है। कोर्ट के फैसले के बाद अरविंद केजरीवाल की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। वह कैमरे के सामने खुद को रोक न सके और फूट-फूटकर रोने लगे। इस मामले पर आम आदमी पार्टी के नेताओं, राष्ट्रीय जनता दल और बीजेपी की प्रतिक्रिया सामने आई है। तो चलिए जानते हैं किसने क्या कहा?

पीएम को मांगनी चाहिए मांफी- संजय सिंह

दिल्ली शराब पॉलिसी केस में अरविंद केजरीवाल समेत सभी आरोपियों के बरी होने पर AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि फैसले से साबित होता है कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने पॉपुलर और ईमानदार मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, काबिल और ईमानदार शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया और हमारी पार्टी को बदनाम करने के लिए एक बड़ी साजिश रची थी। AAP नेताओं के खिलाफ झूठे केस बनाए गए। प्रधानमंत्री को देश, अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार से माफी मांगनी चाहिए। सच कभी हार नहीं सकता; सच की हमेशा जीत होती है।

आतिशी का बड़ा आरोप

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और AAP MLA आतिशी ने कहा कि आम आदमी पार्टी एक कट्टर इमानदार पार्टी है, अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया कट्टर इमानदार नेता हैं। आज यह साबित हो गया कि कैसे केंद्र सरकार की एजेंसियों ने साजिश रची और AAP पर आरोप लगाए। PM मोदी और BJP का सच आज देश के सामने आ गया है।

आरजेडी सांसद ने क्या कहा?

RJD सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि अब कितने लोग माफी मांगेंगें? मांगेंगे या नहीं मागेंगे? जब वेंडेट्टा किसी केस को प्रेरित करता है तो उसका हश्र यही होता है। मैं दावे के साथ कहता हूं कि मेरे नेतृत्व समेत जितने लोगों पर मुकदमे चल रहे हैं सबका यही हश्र होगा।

सौरभ भारद्वाज ने रखा अपना पक्ष

दिल्ली AAP अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह बड़ी जीत अरविंद केजरीवाल या मनीष सिसोदिया की नहीं है, यह उन लोगों की है जो बिहार के गांव में IAS की तैयारी कर रहे हैं और सोच रहे हैं कि हम ईमानदार रहेंगे। इस देश में कौन ईमानदार रहेगा? कौन नेता, कौन अफसर ईमानदार रहेगा क्योंकि आपने तो सबको भ्रष्टाचारी बना दिया। आज एक बड़ा फैसला आया है और मुझे लगता है कि इसकी वजह से 5-10% अफसर ईमानदार रहेंगे। यह देश के लिए बहुत बड़ी बात है।

मोदी-शाह से सवाल

पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने कहा कि मुझे समझ नहीं आया कि केंद्र सरकार ने बहुत बड़े इल्ज़ाम लगाए और जिस तरह डेढ़ साल जेल में रखा। जो गंभीर आरोप होते हैं उसी में डेढ़ साल बाद जमानत मिलती है। अगर इतने बड़े आरोप नहीं थे तो डेढ़ साल अंदर क्यों रखा और अगर आरोप सही थे तो क्लीन चीट कैसे मिली? भाजपा, प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री, अरविंद केजरीवाल ही बता सकते हैं कि यह खेला कैसे हुआ?

गोपाल राय का बयान

AAP विधायक गोपाल राय ने कहा कि आज दिल्ली में न्यायालय ने अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और तमाम आम आदमी पार्टी के नेताओं को फर्जी शराब घोटाला मामला बनाकर जिस तरह प्रताड़ित किया गया उसमें न्यायालय के फैसले ने साफ कर दिया है कि केंद्र सरकार, भाजपा और प्रधानमंत्री ने खुद षड्यंत्र करके लोकतंत्र की हत्या की कोशिश की। यह साफ हुआ है कि सत्य परेशान हो सकता है पराजित नहीं।

AAP विधायक गोपाल राय ने कहा कि न्यायालय ने ऐतिहासिक फैसला दिया है। पहली बार ऐसा हुआ कि चुने हुए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को जेल में डाल दिया गया था। CBI ने जो रिपोर्ट कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत की थी, उसमें कोई आधार नहीं है। यह CBI घोटाला हुआ था और एजेंसियों का इस्तेमाल करके सत्ता का दुरुपयोग किया गया था। आज उन सभी षड्यंत्रों का पर्दाफाश हो गया है।

अरविंद केजरीवाल की पत्नी ने क्या कहा?

अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा कि मैं आज भगवान का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं। अरविंद जी ने अपनी ज़िंदगी ईमानदारी से बिताई है। लेकिन इन लोगों (भाजपा) ने अरविंद जी और उनके साथियों को जेल भेज दिया। मुझे भरोसा था कि सच की जीत होगी। मैं उन सभी का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं जो हमारे साथ खड़े रहे।

BJP की प्रतिक्रिया

BJP नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कोर्ट ने सबूतों की कमी के कारण उन्हें बरी कर दिया है। यह एक टेक्निकल मामला है। CBI इस केस में अगला कदम उठाएगी। पार्टी फैसले को डिटेल में पढ़ने के बाद एक स्ट्रक्चर्ड जवाब देगी। सोचना चाहिए - अगर आरोप बेबुनियाद थे, तो आरोप कैसे तय किए गए?

BJP सांसद का बयान

इस मामले पर भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि सभी जानते हैं कि ये दोनों (अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया) इस घोटाले के जनक थे। दिल्ली की जनता अच्छे से जानती है कि एक्साइज घोटाले के जनक अरविंद केजरीवाल थे। जिन लोगों को पकड़ा गया है, उनकी भी गवाही होगी। सभी जानते हैं कि ये लोग इस घोटाले के मास्टर माइंड थे।

Created On :   27 Feb 2026 1:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story