Bihar election result: 'ये सुशासन और विकास की जीत..', बिहार में NDA को मिली बंपर जीत पर बोले PM मोदी

ये सुशासन और विकास की जीत.., बिहार में NDA को मिली बंपर जीत पर बोले PM मोदी
बिहार विधानसभा चुनाव के अब तक आए नतीजों में एनडीए बंपर जीत दर्ज करती नजर आ रही है। एनडीए गठबंधन 200 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। इस प्रचंड जीत पर पीएम मोदी ने पहली प्रतिक्रिया दी है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दो चरणों में हुए बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम के शुरूआती रुझानों में एनडीए बंपर जीत की तरफ आगे बढ़ रही है। 243 सीटों वाली बिहार विधानसभा में एनडीए 200 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं महागठबंधन का प्रदर्शन बेहद खराब रहा, वह 50 सीटों का आंकड़ा भी नहीं पाता दिख रहा है।

एनडीए की इस ऐतिहासिक जीत पर पीएम नरेंद्र मोदी ने रिएक्शन दिया है। उन्होंने कहा, "यह सामाजिक न्याय और जन-कल्याण की भावना की जीत है। बिहार के मेरे परिवारजनों का बहुत-बहुत आभार, जिन्होंने 2025 के विधानसभा चुनावों में एनडीए को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व जीत का आशीर्वाद दिया है। यह प्रचंड जनादेश हमें जनता-जनार्दन की सेवा करने और बिहार के लिए नए संकल्प के साथ काम करने की शक्ति प्रदान करेगा।"

पीएम ने एनडीए में शामिल सभी पार्टियों को चुनाव में मिली बंपर जीत पर बधाई दी। उन्होंने कहा, "एनडीए ने बिहार का चहुंओर विकास किया है। लोगों ने हमारे ट्रैक रिकॉर्ड और राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के हमारे विजन को देखकर हमें भारी बहुमत दिया है। मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी और एनडीए परिवार के हमारे सहयोगी चिराग पासवान जी, जीतन राम मांझी जी और उपेंद्र कुशवाहा जी को इस जबरदस्त जीत के लिए हार्दिक बधाई देता हूं।"

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि बिहार की जनता का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने विकास के एजेंडे को ध्यान में रखकर वोट किया। इसके साथ ही पीएम ने एनडीए कार्यकर्ताओं का चुनाव में किए उनके अथक परिश्रम के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "मैं एनडीए के प्रत्येक कार्यकर्ता का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अथक परिश्रम किया है। उन्होंने जनता के बीच जाकर हमारे विकास के एजेंडे को सामने रखा और विपक्ष के हर झूठ का मजबूती से जवाब दिया। मैं उनकी हृदय से सराहना करता हूं।"

इसके साथ ही पीएम ने राज्य की जनता को और भी बेहतर काम करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा, "आने वाले समय में हम बिहार के विकास, यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्य की संस्कृति को नई पहचान देने के लिए बढ़-चढ़कर काम करेंगे। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यहां की युवा शक्ति और नारी शक्ति को समृद्ध जीवन के लिए भरपूर अवसर मिले।"

Created On :   14 Nov 2025 5:48 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story