बिहार विधानसभा चुनाव 2025: भोजपुरी सुपरस्टार्स में वार-पलटवार! निरहुआ के हमले का RJD उम्मीदवार खेसारी लाल यादव ने दिया जवाब, BJP पर भी साधा निशाना

भोजपुरी सुपरस्टार्स में वार-पलटवार! निरहुआ के हमले का RJD उम्मीदवार खेसारी लाल यादव ने दिया जवाब, BJP पर भी साधा निशाना
  • बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक
  • आरजेडी उम्मीदवार खेसारी लाल का हमला
  • बीजेपी से लेकर निरहुआ पर जमकर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, भोपाल। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सत्तापक्ष और विपक्ष दलों के नेताओं के बीच कांटे की टक्कर है। इस बीच छपरा विधानसभा सीट से आरजेडी के टिकट पर चुनावी मैदान में उतरे भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने एबीपी न्यूज से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बिहार चुनाव से लेकर सत्तापक्ष के नेताओं पर अपने विचार साझा किए। खेसारी लाल ने कहा कि छपरा पहले से भी हॉट था, ऐसा नहीं है कि उनके आने से हॉट हुआ है। उन्होंने कहा कि वो एक छोटे से गांव में निकले हैं और आज दुनिया प्यार करती है। आरजेडी नेता ने आरोप लगाया कि छपरा में विकास के नाम पर कुछ हुआ ही नहीं है। यहां व्यापारियों की सबसे बड़ी दिक्कत पानी निकासी की है। अगर पानी निकासी नहीं होगा तो व्यापारी बर्बाद हो जाएगा। ये होता तो छपरा का विकास हो जाता।

खेसारी लाल यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना

इस दौरान आरजेडी उम्मीदवार ने दावा करते हुए कहा, "सबसे पहले छपरा शहर की प्रॉब्लम पानी निकासी की उसको हम दूर करेंगे। चारों तरफ से घेरा जा रहा हूं मेरे लिए आसान नहीं है। जिस दिन छपरा मुझसे ज्यादा खूबसूरत होगा उस दिन मेरी जीत सफल होगी।"

इसके बाद खेसारी लाल यादव ने बीजेपी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, "बीजेपी में सारे लोग कलाकार हैं। मैं ही नचनिया हूं। क्योंकि मुझे नाचने आता है। बाकी लोगों को नाचने नहीं आता, वह सब कलाकार हैं। नाचना बड़ी चीज है। हर आदमी नहीं नाच सकता। ये भगवान शिव से शुरू हुआ और उसकी मालकिन सरस्वती हैं। नारायण भी नाचे। लेकिन भस्मासुर नाचा तो क्या हुआ।"

आरजेडी उम्मीदवार ने कहा, "दुनिया का मनोरंजन करता हूं। बिहारी ठाकुर की धरती से हूं जिन्हें भोजपुरी का शेक्सपियर कहा जाता है। यहां की धरती पर सिर्फ संगीत है। लोगों के होठों पर मिठास है। मैं बातों से छोटा नहीं होता हूं। मैं कर्मों से बड़ा हुआ हूं।"

इतना ही नहीं, बल्कि 'यदमुल्ला' कहे जाने पर खेसारी लाल यादव ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, "क्या मुसलमान हमारे देश के हिस्सा नहीं हैं, क्या वह इंसान नहीं हैं। उनके दिमाग में मुल्ला कितने बुरे शब्द जैसा है, उनके मन में मुल्ला बुरा शब्द होगा। दिनेश लाल यादव 10 साल पहले से सनातनी बने हैं। इसके पहले तमाम मूवी में उन्होंने मुसलमान का कैरेक्टर किया। उस समय उनका धर्म कहां था? वह समय भी देखना चाहिए। जब से बीजेपी में शामिल हुए हैं उनको मुसलमानों से नफरत हो गई है। मेरे लिए हिंदू, मुसलमान, सिख और इसाई मेरे गार्जियन स्वरूप हैं। सब मेरे अपने हैं।"

बिहार में रोजगार को लेकर कही ये बात

इसके बाद खेसारी लाल यादव ने कहा, "तेजस्वी यादव की सरकार में हम लोगों को बाहर जाने से रोकने का प्रयास करेंगे। लोगों को रोजगार दिलाने का काम करेंगे।" आरजेडी नेता ने ये भी कहा, "मथुरा में कृष्ण मंदिर बनना चाहिए लेकिन वहां मंदिर के साथ एक बेहतर यूनिवर्सिटी और एक बेहतर अस्पताल बनाया जाए जिससे लोगों को शिक्षा और इलाज मिले। लोगों को श्रद्धा के साथ-साथ लड्डू खरीदने का पैसा भी मिले इसलिए वहां रोजगार भी मिले। मंदिर बने पर उसके साथ-साथ रोजी रोजगार भी मिली।"

आरजेडी उम्मीदवार ने कहा, "बिहार से थोड़ा ही बेहतर 20 साल पहले गुजरात रहा होगा। लेकिन क्या पीएम नरेंद्र मोदी को कभी बिहार नहीं दिखा? आज तक बिहार में कोई फैक्ट्री नहीं लगी।"

इसके बाद अंत में उन्होंने सवाल पूछा, "क्या आज मंगलराज है? 2 दिन पहले जो हुआ। उसके पहले जो हत्या हुई। इन लोगों ने इतना जंगलराज बोल दिया कि व्यापारी डरने लगे हैं। 20 साल से उनके हाथ में सरकार है।"

Created On :   4 Nov 2025 12:33 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story