बिहार सियासत: 'ज्ञान तो है नहीं...मुख्यमंत्री बन गए हैं लेकिन करेंगे क्या? महिला आरक्षण बिल के फेल होने को लेकर तेजस्वी यादव का CM सम्राट चौधरी पर तीखा हमला

डिजिटल डेस्क, पटना। संसद में महिला आरक्षण बिल के पारित न हो पाने के बाद विपक्ष केंद्र सरकार पर हमलावर है। एक तरफ जहां केंद्र सरकार महिला आरक्षण बिल के फेल होने का ठिकरा फोड़ रही है। तो वहीं, दूसरी ओर विपक्ष इसे केंद्र सरकार का बड़ा फेलियर बता रही है। इन सबके के बीच अब बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने महिला आरक्षण बिल के तीनों विधेयकों को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना सराधा है। उन्होंने कहा है कि सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बन गए हैं, लेकिन ऐसा लगता है कि उन्हें यह बिल समझ में नहीं आया है।
तेजस्वी यादव ने सीएम सम्राट चौधरी पर साधा निशाना
सीएम सम्राट चौधरी को निशाने पर लेते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, "इन लोगों को ज्ञान तो है नहीं मुख्यमंत्री बन गए हैं लेकिन करेंगे क्या? जो गुजराती भाई कहेंगे, वही करेंगे। इनको चलाने के लिए दिल्ली से PMO से लोग आ रहे हैं।"
मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने महिला आरक्षण बिल को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आड़ में ये लोग परिसीमन करना चाहते थे। आरजेडी नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से पूछिये कि तीन साल से ये बिल पास हो गया था तो राष्ट्रपति से साइन कर नोटिफाइड क्यों नहीं करवाया गया, इसे क्यों रखा गया, लागू क्यों नहीं किया गया।
महिला आरक्षण के खिलाफ कोई विरोध नहीं - तेजस्वी यादव
मीडिया से बातचीत में तेजस्वी ने साफ किया है कि महिला आरक्षण को लेकर कोई भी विरोध नहीं है, वो सर्वसम्मति से तीन साल पहले ही पारित हो गया है। ये तो परिसीमन कर सीटों की संख्या बढ़ाने की बात की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया है कि वे लोग अपने हिसाब से सीट काटते, जहां विपक्ष मजबूत है, वहां चार बार सीट काटते।
इस दौरान तेजस्वी यादव ने अपनी बात दोहराते हुए यह भी कहा कि महिला का विरोध कौन करेगा, हम तो चाहते हैं कि महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण कर दीजिए। मगर, उनमें ओबीसी महिलाओं को जगह दीजिए। उन्होंने कहा कि केवल शहर में रहने वाली महिलाएं नहीं, बल्कि गांव में रहने वाली महिलाएं भी पार्लियामेंट जाएं, ऐसा बिल लाइये।
Created On :   19 April 2026 3:15 PM IST












