Bihar Assembly Election 2025: चिराग पासवान से सुलझ गया विवाद, उपेंद्र कुशवाहा जाएंगे राज्यसभा, एक और विधानसभा सीट हुई खाली

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर चिराग पासवान के साथ जो विवाद चल रहा था वो अब सुलझ गया है। महुआ सीट पर अब चिराग पासवा चुनाव लड़ेंगे। इस सीट को लेकर उपेंद्र कुशवाहा और चिराग पासवान के बीच विवाद जारी था जो अब थम गया है। उपेंद्र कुशवाहा अब मान गए हैं और सीट छोड़ दी है। जानकारी के मुताबिक, उपेंद्र कुशवाहा अब फिर से राज्यसभा भेजे जाएंगे और 1 विधान परिषद की सीट दी जाएगी। बता दें, अप्रैल 2026 में उनका राज्यसभा कार्यकाल खत्म हो रहा है। उपेंद्र कुशवाहा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ मुलाकात करके कई अहम मुद्दों पर बात की थी। इसके बाद उन्होंने अमित शाह से हुई मुलाकात पर प्रतिक्रिया भी दी थी।
उपेंद्र कुशवाहा का क्या है कहना?
उपेंद्र कुशवाहा ने अमित शाह से मुलाकात के बाद कहा है कि, सुबह ही मैंने कहा था कि, गठबंधन के संदर्भ में कुछ मुद्दे हैं जिन पर विचार विमर्श करने की जरूरत है। इसी विमर्श के लिए हम मिले थे। अब उम्मीद है कि कोई भी परेशानी नहीं होगी।
कैसा रहा उपेंद्र कुशवाहा का सियासी सफर?
उपेंद्र कुशवाहा काफी लंबे समय से राजनीति में हैं। साल 2000 से लेकर 2005 तक वे बिहार विधानसभा के सदस्य रहे थे। इसी बीच 2002 से 2004 के बीच बिहार विधानसभा में समता पार्टी के उपनेता के तौर पर काम करते थे। मार्च 2004 से 2005 के बीच तक वे बिहार विधानसभा में समता पार्टी के नेता रहे। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भी भूमिका निभाई। साथ ही 2010 से 2013 के बीच राज्यसभा के भी सदस्य रहे थे। इसके अलावा भी वे शुरू से ही बिहार राजनीति में एक्टिव रहे हैं। अब फिर से उनको राज्यसभा भेजा जाएगा और महुआ सीट चिराग पासवान को मिलेगी।
Created On :   15 Oct 2025 4:08 PM IST