UP News: गैस सिलेंडर की कीमतों पर मायावती की आई प्रतिक्रिया, दाम बढ़ने से आम जनजीवन पर पड़ेगा गहरा असर

गैस सिलेंडर की कीमतों पर मायावती की आई प्रतिक्रिया, दाम बढ़ने से आम जनजीवन पर पड़ेगा गहरा असर

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। बसपा चीफ मायावती ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में एक साथ 993 रुपये की बढ़ोतरी पर सरकार को चेताया है। उन्होंने कहा कि इस बढ़ोतरी से आम लोगों में बेचैनी फैल गई है। वृद्धि पर चिंता जताते हुए मायावती ने कहा जल्द ही रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल सहित अन्य पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती हैं। दाम बढ़ने से आम जनजीवन पर गहरा असर पड़ेगा।

मायावती ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'देश में कमर्शियल सिलेंडर की कमी के बीच उसकी कीमत में एकमुश्त 993 रुपये की फिर से की गई वृद्धि और उसके आम जनजीवन पर पड़ने वाले प्रभाव से जुड़ी खबरें सभी माध्यमों में प्रमुखता से सामने आ रही हैं। साथ ही, इस आशंका से लोगों में चिंता बढ़ी है कि जल्द ही रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल सहित अन्य पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतें भी बढ़ेंगी।'

उन्होंने कहा, 'इसका मुख्य कारण अमेरिका-ईरान जंग हो या अन्य कोई वजह हो सकती है। सरकार ने जिस तरह से राज्यों के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर खासकर पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों को काफी हद तक नियंत्रण में रखा, उस नीति को वर्तमान में भी व्यापक जनहित और जनकल्याण के तहत जारी रखना देशहित में होगा।'

बता दें, कमर्शियल एलपीजी की कीमत में शुक्रवार को अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई और 19 किलोग्राम के सिलेंडर पर 993 रुपये की वृद्धि की गई है।

Created On :   2 May 2026 11:42 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story