लोकसभा चुनाव 2024: निष्कासन की अटकलों के बीच संजय निरुपम ने दी कांग्रेस को डेडलाइन, पार्टी के एक्शन से पहले खुद ले सकते हैं बड़ा फैसला

निष्कासन की अटकलों के बीच संजय निरुपम ने दी कांग्रेस को डेडलाइन, पार्टी के एक्शन से पहले खुद ले सकते हैं बड़ा फैसला
  • बागी संजय निरुपम पर एक्शन की तैयारी में कांग्रेस
  • शिवसेना (उद्धव ठाकरे) के खिलाफ लगातार कर रहे थे बयानबाजी
  • मुंबई उत्तर-पश्चिम लोकसभा सीट शिवसेना को देने से थे नाराज

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। सभी दलों ने इस महामुकाबले के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बीच महाराष्ट्र कांग्रेस ने पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय निरुपम पर बड़ा एक्शन ले सकती है। दरअसल, काफी दिनों से संजय ने बागी रूख अख्तियार किया हुआ है। जिसके चलते कांग्रेस ने उन्हें स्टार प्रचारकों की सूची से भी हटा दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक संजय निरुपम को पार्टी से निष्कासित करने को लेकर महाराष्ट्र कांग्रेस ने एक प्रस्ताव पारित किया है जो कि पास भी हो गया है। अब इस पर आखिरी फैसला कांग्रेस आलाकमान लेंगी।

स्टार प्रचारकों की लिस्ट से हटा नाम

महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने बताया कि जिस तरह के बयान संजय निरुपम अभी दे रहे हैं, उन पर बड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि संजय का नाम पहले स्टार प्रचारकों की सूची में था जिसे अब रद्द कर दिया गया है। वहीं पार्टी के एक्शन पर संजय निरुपम की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। जिसमें उन्होंने कहा है कि कांग्रेस मेरे लिए अपनी ऊर्जा और स्टेशनरी खत्म न करे बल्कि इसे वो पार्टी को बचाने के लिए सुरक्षित रखे।

कल मैं खुद फैसला लूंगा - निरुपम

निरुपम ने आगे कहा कि मैंने जो पार्टी को एक हफ्ते का समय दिया था वो अब पूरा हो चुका है। मैं अब कल खुद निर्णय लूंगा। दरअसल, संजय की मांग मुंबई उत्तर-पश्चिम लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की थी। लेकिन गठबंधन के तहत महाविकास अघाड़ी में शामिल शिवसेना यूबीटी ने अमोल कीर्तिकर को यहां से अपना उम्मीदवार बना दिया। इसी बात से कांग्रेस नेता संजय निरुपम नाराज चल रहे हैं। उन्होंने पहले भी सीट शेयरिंग में कांग्रेस व एनसीपी पर हावी होने के लिए शिवसेना (उद्धव गुट) की आलोचना की थी।

उन्होंने दावा किया था कि शिवसेना कांग्रेस के सपोर्ट के बिना महाराष्ट्र में एक भी लोकसभा सीट जीतने की स्थिति में नहीं है। महाराष्ट्र कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने शिवसेना पर आरोप लगाते हुए कहा था कि शिवसेना (उद्धव गुट) मुंबई में 6 से 5 सीटें लेने के लिए कांग्रेस पर दबाव बना रही है। लेकिन कांग्रेस के उसके इस तरह के किसी दबाव में नहीं आना चाहिए। बता दें कि हाल ही में शिवसेना (उद्धव गुट) ने 17 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी। पार्टी की ओर से कहा गया था कि वह महाराष्ट्र की कुल 48 लोकसभा सीटों में से 22 पर चुनाव लड़ेगी, बाकी बची 26 सीटों पर कांग्रेस और एनसीपी (शरद पवार गुट) चुनाव लड़ेंगी।

Created On :   3 April 2024 2:13 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story