Opposition Protest News: 'हमें भाषाई व संवैधानिक मर्यादाओं के दायरे से बाहर...' विपक्ष के संत वेश धारण प्रदर्शन पर वीएचपी की तीखी प्रतिक्रिया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय संयुक्त महासचिव डॉ सुरेंद्र जैन ने आज संसद भवन परिसर में विपक्षी सांसदों द्वारा संत वेश धारण कर किए गए भोंडे प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इसे सनातन धर्म, पूज्य साधु-संतों और संपूर्ण हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं का सीधा अपमान और अनादर करार दिया है।
सुरेंद्र जैन ने कहा कि कांग्रेस समर्थित निर्दलीय सांसद पप्पू यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा समाजवादी पार्टी व कांग्रेस के अन्य सांसदों द्वारा संत वेश में किया गया प्रदर्शन एक बेहद निम्नस्तरीय कृत्य है।
यह भी पढ़े -विपक्ष के हंगामे पर किरेन रिजिजू ने खोला मोर्चा, कहा- 'अब छात्रों को लेकर सरकार पर निशाना...'
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार रावण ने छल-कपट के लिए संत का छद्म वेश धारण किया था, उसी प्रकार ये नेता धार्मिक प्रतीकों का दुरुपयोग कर हिंदू आस्था पर चोट करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि विपक्षी दलों का हिंदू विरोधी रवैया नया नहीं है। श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण में रोड़े अटकाने से लेकर अब तक, ये लगातार सनातनी आस्थाओं को निशाना बनाते रहे हैं। भव्य राम मंदिर बनने के बाद से उपजी बौखलाहट में यह सब किया जा रहा है। हिंदू समाज धैर्यवान और सहिष्णु है, लेकिन उसे अपनी भाषाई व संवैधानिक मर्यादाओं के दायरे से बाहर जाने पर मजबूर न किया जाए।
यह भी पढ़े -आकाश आनंद पर अटकलों को लेकर मायावती का विपक्ष पर हमला , बोलीं-'बसपा में उम्मीदवार मैं ही तय करती हूं'
डॉ जैन ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि इन नेताओं में साहस है, तो वे किसी अन्य धर्म के धर्मगुरुओं या मौलवियों का वेश धारण कर उनके प्रतीकों का मजाक उड़ाकर दिखाएं। ऐसा करते ही सड़कों पर उग्र प्रदर्शन होने लगेंगे और उनका बाहर निकलना कठिन हो जाएगा।
विश्व हिंदू परिषद ने माननीय लोकसभा अध्यक्ष से यह पुरजोर मांग भी की कि संसद परिसर में धार्मिक प्रतीकों का इस प्रकार अनादर करने वाले सांसदों के खिलाफ कठोरतम अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही इस अमर्यादित कृत्य और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के विरुद्ध विश्व हिंदू परिषद स्वयं भी कानूनी कार्रवाई करने पर विचार कर रही है।
सुरेंद्र जैन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार के कृत्यों पर तुरंत अंकुश नहीं लगाया गया, तो देश के साधु-संतों और संपूर्ण हिंदू समाज का आक्रोश बहुत जल्द सड़कों पर देखने को मिलेगा।
Created On :   31 July 2026 9:21 PM IST









