MP News: विधानसभा में विपक्ष का विरोध प्रदर्शन, कांग्रेस विधायकों ने खाद-बीज संकट और किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ दिया धरना

डिजिटल डेस्क, भोपाल। आज 20 जुलाई से मध्यप्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र शुरु हो गया है। सत्र के पहले ही दिन खाद संकट, सरकारी खरीदी में गड़बड़ी और किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिलने के मुद्दों पर विधानसभा परिसर में कांग्रेस विधायकदल का जोरदार प्रदर्शन रहा। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने किसानों के मुद्दों पर सरकार का घेराव किया। इस दौरान कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश के कृषि मंत्री के मुखौटे पहनकर सांकेतिक प्रदर्शन किया और सरकार की किसान विरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध जताया।
कांग्रेस विधायकों ने कहा मध्यप्रदेश की किसान-विरोधी सरकार को किसानों की पीड़ा दिखाई नहीं देती। इस दौरान कांग्रेस विधायकों ने सीएम, केंद्रीय कृषि मंत्री पर निशाना साधा।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश का किसान खाद के लिए लाइन में खड़ा है, अपनी उपज का उचित दाम और मुआवजा पाने के लिए दर-दर भटक रहा है, सरकार सत्ता के अहंकार में डूबी है। विपक्षी विधायकों ने सरकार से किसानों के अधिकार, मुआवजा और सम्मान देने की बात कही। कांग्रेस के विधायकों का कहना है किसानों के अधिकारों और हितों की आवाज सदन के भीतर भी पूरी मजबूती से उठाएगा और सदन के बाहर भी।
इससे पहले विधानसभा में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने अपने आवास पर कांग्रेस पार्टी के विधायक दल की बैठक के बारे में न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा राज्य के सामने कई मुद्दे हैं। पिछले 34 महीनों की घटनाओं पर गौर करें तो किसान परेशान हैं और उन्हें खाद नहीं मिल पा रही है, युवाओं को नौकरी के सपने दिखाए जा रहे हैं और 'युवा वर्ष' मनाया जा रहा है, फिर भी नौकरियां कम हैं, और पिछड़े वर्ग, अतिथि शिक्षक तथा सभी श्रेणियों (कक्षा 1, 2 और 3) के शिक्षक मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी का विधायक दल आज इन सभी मुद्दों—चाहे वह केन-बेतवा परियोजना हो, NEET हो या कोई अन्य संबंधित मामला हो—पर रणनीति बनाने और हर बिंदु पर चर्चा करने के लिए बैठक करेगा।
Created On :   20 July 2026 12:35 PM IST














