PM Modi vs Congress: 'उन्हें संघ प्रमुख की कृपा चाहिए, ताकि 75 के बाद भी बने रहें पीएम', लाल किले से प्रधानमंत्री मोदी ने की RSS की तारीफ, तो भड़की कांग्रेस

उन्हें संघ प्रमुख की कृपा चाहिए, ताकि 75 के बाद भी बने रहें पीएम, लाल किले से प्रधानमंत्री मोदी ने की RSS की तारीफ, तो भड़की कांग्रेस
  • पीएम मोदी ने 12वीं बार लाल किले की प्राचीर से देश को किया संबोधित
  • संबोधन में आरएसएस का जिक्र करने पर गरमाई सियासत
  • कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने पीएम मोदी पर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में पहली बार आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) का जिक्र करते हुए कहा, 'आज गर्व के साथ मैं इस बात का जिक्र करना चाहता हूं कि 100 साल पहले एक संगठन आरएसएस का जन्म हुआ। 100 साल की राष्ट्र सेवा गौरवपूर्ण है। आरएसएस ने व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण के संकल्प को लेकर 100 साल मां भारती के कल्याण के लिए अपना जीवन समर्पित किया। सेवा, समर्पण, संगठन और अप्रतिम अनुशासन जिसकी पहचान रही है, ऐसा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ दुनिया का सबसे बड़ा NGO है।'

भागवत को खुश करने के लिए किया जिक्र

पीएम मोदी के बयान पर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, 'प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में आरएसएस का जिक्र मोहन भागवत को खुश करने के लिए किया, क्योंकि मोदी अब पूरी तरह उनके भरोसे हैं। सितंबर के बाद जब वे 75 साल के हो जाएंगे, तो पद पर बने रहे के लिए मोहन भागवत की मदद पर निर्भर हैं।'

पीएम मोदी 17 सितंबर को 75 साल के हो जाएंगे। विपक्षी दलों के कई नेता उनके 75 की उम्र पूरी करते ही रिटायर होने के चर्चा कर चुके हैं। आप प्रमुख केजरीवाल ने पिछली साल हुए लोकसभा चुनाव से पहले कहा था कि यदि बीजेपी चुनाव जीत जाती है तो मोदी अगले साल तक ही प्रधानमंत्री रहेंगे। उन्होंने खुद यह नियम बनाया है।

दरअसल 2014 में सत्ता में आने के बाद भाजपा में 75 साल की उम्र से ज्यादा के नेताओं को रिटायर करने का ट्रेंड शुरू हुआ था। पहली बार प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने अपनी कैबिनेट में 75 साल से कम के लोगों को ही जगह दी थी। वहीं पार्टी के सीनियर लीडर लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी को मार्गदर्शक मंडल में शामिल किया गया। इसी क्रम में जब साल 2016 में गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल ने इस्तीफा दिया तो उस समय उनकी उम्र भी 75 साल थी। उसी साल 76 साल के नजमा हेपतुल्लाह ने भी मोदी कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद हुए 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव में भी पार्टी ने 75 साल से ज्यादा उम्र के नेताओं को टिकट नहीं दिया था।

हालांकि पीएम मोदी के रिटारयमेंट को लेकर बीजेपी के शीर्ष नेताओं की अलग राय है। पिछले साल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था , 'मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि भाजपा के संविधान में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है। मोदी जी 2029 तक देश का नेतृत्व करेंगे। मोदी जी आने वाले चुनावों में भी नेतृत्व करेंगे।' इसके अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने भी कहा था कि पार्टी के संविधान में उम्र को लेकर प्रावधान नहीं है। मोदी ही हमारा आगे नेतृत्व करेंगे।

वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था, 'मैं BJP का वरिष्ठ नेता होने के नाते ये कहना चाहता हूं कि 2024 में भी वो (नरेंद्र मोदी) भारत के प्रधानमंत्री बनेंगे। 2029 में भी वो भारत के प्रधानमंत्री बनेंगे।'

Created On :   15 Aug 2025 9:04 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story