महाराष्ट्र में साथ आएंगे ठाकरे ब्रदर्स!: क्या राज ठाकरे से गठबंधन करने की तैयारी कर रहे उद्धव ठाकरे? जानें सवाल पर क्या रही प्रतिक्रिया

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बीते कुछ दिनों से महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में ठाकरे ब्रदर्स के साथ आने की चर्चांए जोरों पर हैं। इस बीच महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मीडिया से अपने चचेरे भाई और मनसे चीफ राज ठाकरे के साथ आने पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि जो महाराष्ट्र के दिल में है, वह होगा। उन्होंने कहा कि हमारे और हमारे शिवसैनिकों के मन में दिल में कोई भ्रम नहीं। उनके (एमएनएस) मन में भी कोई भ्रम नहीं है। हम कोई संदेश नहीं देंगे सीधे खबर देंगे।
इस बयान के बाद से ठाकरे ब्रदर्स के साथ आने की अटकलें जोर पकड़ने लगी है। दरअसल इससे पहले भी कई बार उद्धव और राज ठाकरे के साथ आने की चर्चांए चली, लेकिन ये महज अटकलें ही साबित हुई। हालांकि, अब उद्धव ठाकरे के बयान से ऐसा लगा है कि उनकी राज ठाकरे से बातचीत चल रही है।
इसके अलावा उद्धव ठाकरे ने उनकी पार्टी के राज ठाकरे की पार्टी के साथ गठबंधन होने पर भी प्रतिक्रिया दी। उद्धव ठाकर ने कहा कि कि ये बातें कैमरे पर नहीं की जाती है। 2014 और 2017 में इस तरह की चर्चा हुई थी।
इस बारे में मनसे के नेता अविनाश देशपांडे ने कहा कि जब हमें गठबंधन को लेकर एक मजबूत प्रस्ताव मिलेगा तब इस पर राज ठाकरे फैसला लेंगे। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख के बयान पर देशपांडे ने कहा कि 2014 और 2017 में भी महाराष्ट्र के लोगों के मन में कुछ था लेकिन उद्धव ठाकरे के मन में नहीं था। देशपांडे ने कहा, "उद्धव ठाकरे ने कहा है कि हम सीधे खबर देंगे तो अब इंतजार करते हैं कि वो क्या खबर देते हैं।"
मालूम हो कि महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों की घोषणा होने वाली है। इससे पहले क्या दोनों भाई एक साथ आएंगे ये सवाल अब भी बना हुआ है। एक चर्चा ये भी है कि एकनाथ शिंदे की पार्टी स्थानीय निकाय चुनाव में राज ठाकरे से गठबंधन करना चाहती है।
Created On :   6 Jun 2025 5:27 PM IST