लोकसभा चुनाव यूपी: सपा ने यूपी की दो लोकसभा सीटों पर किया उम्मीदवारों का ऐलान, लालू के दामाद को कन्नौज से बनाया प्रत्याशी

सपा ने यूपी की दो लोकसभा सीटों पर किया उम्मीदवारों का ऐलान, लालू के दामाद को कन्नौज से बनाया प्रत्याशी
  • सपा ने जारी की एक और लिस्ट
  • कन्नौज और बलिया से उतारे प्रत्याशी
  • कन्नौज से लालू के दामाद होंगे उम्मीदवार

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) ने दो और लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। ताजा लिस्ट में सपा ने उत्तर प्रदेश के कन्नौज और बलिया लोकसभा सीटों से प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। सपा ने कन्नौज से लालू यादव के दामाद तेज प्रताप यादव और बलिया से सनातन पांडेय को टिकट दिया है। इसी के साथ उन तमाम अटकलों पर भी विराम लग गया है जिसमें दावा किया जा रहा था कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव कन्नौज सीट से खुद चुनावी मैदान में उतरेंगे।

कन्नौज सीट को लेकर पार्टी में लंबे समय से असमंजस की स्थिति थी जिसके बाद कयास लगाया जा रहा था कि पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव खुद इस सीट से चुनाव लड़ेंगे। इन अटकलों पर विराम लगाते हुए अखिलेश यादव ने अपने भतीजे और आरजेडी प्रमुख लालू यादव के दामाद को कन्नौज से लोकसभा चुनाव 2024 के रण में उतार दिया है।

सांसद रह चुके हैं तेज प्रताप

तेजप्रताप यादव मैनपुरी से सांसद रह चुके हैं। सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने 2014 में आजमगढ़ और मैनपुरी सीटों पर चुनाव लड़ा था और दोनों ही सीट पर जीत हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने मैनपुरी सीट छोड़ दी और उप चुनाव में तेज प्रताप को प्रत्याशी बनाया। उप चुनाव में जीत हासिल कर तेज प्रताप यादव पहली बार लोकसभा पहुंचे।

तेज प्रताप यादव के पिता रणवीर सिंह यादव और अखिलेश यादव चचेरे भाई थे। तेज प्रताप के पिता भी राजनीति में सक्रिय रहे हैं। ब्लॉक प्रमुख रह चुके रणवीर सिंह यादव का 36 साल के उम्र में निधन हो गया था। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी राजलक्ष्मी की शादी तेज प्रताप यादव से हुई है।

बलिया से सनातन पांडेय को बनाया प्रत्याशी

कन्नौज के साथ-साथ सपा ने आज बलिया सीट से भी उम्मीदवार के नाम पर से पर्दा उठाया है। समाजवादी पार्टी (सपा) ने बलिया लोकसभा क्षेत्र से सनातन पांडेय को चुनावी मैदान में उतारा है। सनातन पांडेय बलिया की चिलकहर सीट से विधायक रहने के अलावा सपा सरकार में मंत्री भी थे। बलिया में सपा प्रत्याशी का पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे और भाजपा प्रत्याशी नीरज शेखर से होगा। नीरज शेखर बलिया लोकसभा सीट से दो बार चुनाव जीत चुके हैं।

Created On :   22 April 2024 9:06 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story