बिहार चुनाव 2025: राजनाथ सिंह ने कैमूर जिले में जनसभा को किया संबोधित, ऑपरेशन सिंदूर और भ्रष्टाचार को लेकर दी ये प्रतिक्रिया

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे फेज के लिए चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन था। इस क्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कैमूर जिले के दुर्गा पड़ाव मोहनिया में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर जोरदार हमला किया है। यह उनका चुनावी प्रचार एनडीए उम्मीदवार संगीता कुमारी के समर्थन में था, जहां पर उन्होंने जनता से वोट देने की मांग की।
विपक्षी नेताओं पर कसा तंज
केंद्रीय रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में कहा, "आज भारत का अंतरराष्ट्रीय परिवेश बदल चुका है। पहले जब भारत कुछ कहता था तो गंभीरता से नहीं सुना जाता था, अब दुनिया हमारी बात सुनती है और भारत की हैसियत बढ़ी है।" उन्होंने विपक्षी नेताओं पर तंज कसते हुए कहा, "कांग्रेस जैसे कुछ लोगों के बयान देश की उन्नति में बाधक हैं और केवल जाति-धर्म के आधार पर राजनीति करके देश नहीं बनता। एनडीए की राजनीति इंसाफ और इंसानियत पर आधारित रही है, न कि सिर्फ साठगांठ पर।"
भ्रष्टाचार को लेकर की टिप्पणी
राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में भ्रष्टाचार को लेकर कहा, "केवल भाषण देकर भ्रष्टाचार को हटाया नहीं जा सकता है। व्यवस्था में परिवर्तन आवश्यक है।" उन्होंने आगे केंद्रीय नीतियों का जिक्र करते हुए कहा उनके जरिए लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने हर घर सरकारी नौकरी देने वाले विपक्षी के बयान पर कहा कि यह व्यावहारिक संभव नहीं हैं। उनके लिए खास बात यह होगी की युवाओं को कौशल देकर स्वरोजगार के मौके बने।
रक्षा मंत्री ने की ये घोषणा
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जनसभा को संबोधित करते अपनी घोषणा में कहा, "बिहार में छोटे और सूक्ष्म उद्योगों के लिए पार्क बनाए जाएंगे, जहां 100 से अधिक उद्योगों के माध्यम से युवाओं को स्किल डेवलपमेंट और रोजगार मिलेगा। इसके साथ बिहार में एक रक्षा (डिफेंस) पार्क भी बनेगा, जिसमें बम-गोले जैसे सामग्रियां बनेंगी और वे बिहार के श्रमिकों के हाथों बनेंगी। इस तरह स्वदेशी उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा।"
ऑपरेशन सिंदूर को लेकर रक्षा मंत्री ने कही ये बात
राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान में चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कहा कि आपके द्वारा चुनी गई सरकार के साथ देश का मस्तक कभी नहीं झुकेंगा। उन्होंने राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि उन्हें चुनावी प्रक्रिया व न्यायालय की सहायता लेनी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने आरजेडी पर भी निशाना साधा है।
Created On :   9 Nov 2025 9:26 PM IST












