Delhi Protest: राहुल गांधी और अभिजीत दिपके पर बरसे रामदास आठवले, कहा - 'आंदोलन से देश में फैल सकती है अराजकता'

राहुल गांधी और अभिजीत दिपके पर बरसे रामदास आठवले, कहा - आंदोलन से देश में फैल सकती है अराजकता
जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने राहुल गांधी और अभिजीत दिपके पर निशाना साधा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने राहुल गांधी और अभिजीत दिपके पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को स्वतंत्र रूप से काम करने का अधिकार है। ऐसे में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करना सही नहीं है।

आठवले ने प्रदर्शन को संविधान के खिलाफ बताते हुए कहा कि इस तरह के आंदोलन से देश में अशांति फैल सकती है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई का समर्थन किया और कहा कि विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से होना चाहिए, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।

राहुल गांधी के आरोप पर उठाए सवाल

केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी के उस आरोप पर भी सवाल उठाए, जिसमें उन्होंने करीब 13 करोड़ वोटरों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की बात कही है।

आठवले ने कहा कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है, तब उसे चुनाव प्रक्रिया सही लगती है। लेकिन जब दूसरी पार्टी जीतती है, तो वोट चोरी के आरोप लगाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि अगर किसी के पास वोट चोरी के सबूत हैं, तो उन्हें संबंधित अधिकारियों के सामने पेश करना चाहिए।

इस वजह से हटे 13 करोड़ नाम

आठवले ने दावा किया कि मतदाता सूची से नाम हटाने के पीछे अलग-अलग कारण हैं। उनके मुताबिक, इनमें से करीब 6 करोड़ लोग ऐसे थे, जो अपना घर बदलकर दूसरी जगह जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि लगभग 3 करोड़ लोगों के नाम ऐसे थे, जिन्होंने कभी मतदान नहीं किया। इसके अलावा करीब 2 करोड़ लोगों की मौत हो चुकी थी। वहीं, लगभग 1 करोड़ लोग गांव से शहर आ गए थे, लेकिन उनका नाम दोनों जगह की मतदाता सूची में दर्ज था।

आठवले के अनुसार, इन वजहों से मतदाता सूची में सुधार किया गया। उन्होंने कहा कि इसलिए राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों में उन्हें तथ्य नजर नहीं आते।

'आंदोलन से आम लोग न हों परेशान'

रामदास आठवले ने कहा कि विरोध करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन इसकी वजह से आम लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अपने पुराने राजनीतिक अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय उन्हें और उनके साथियों को भी हिरासत में लिया गया था और जेल जाना पड़ा था।

उन्होंने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से किया जाना चाहिए। गलत मुद्दों को लेकर हंगामा करना और लोगों को परेशान करना उचित नहीं है।

मोदी सरकार का एजेंडा 'विकास'

आठवले ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार का ध्यान विकास पर है और सरकार इसी दिशा में काम करती रहेगी। उन्होंने कहा कि देश में स्थिरता बनाए रखना जरूरी है और किसी भी आंदोलन से आम लोगों की जिंदगी प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

Created On :   11 Oct 2026 1:53 AM IST

Tags

Next Story