पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026: BJP सांसद अनुराग ठाकुर के मछली खाने वाले वीडियो पर विपक्ष हमलावर, अखिलेश यादव से लेकर महुआ मोइत्रा ने कसा तंज

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान को लेकर सियासी दल एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। इस बीच चुनाव प्रचार के दौरान बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह माथे पर तिलक लगाए हुए मछली खा रहे हैं। इसे वीडियो के सामने आने के बाद विपक्ष जमकर हमलावार है। समाजवादी पार्टी के चीफ अखिलेश यादव ने तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट किया। इसमें उन्होंने लिखा कि तस्वीरें सच्चाई उजागर करती हैं और अक्सर नकाब उतार देती हैं। 'कथनी और करनी' के बीच के अंतर ने बीजेपी समर्थकों की पोल खोल दी है।
यह भी पढ़े -पश्चिम बंगाल राज्यपाल ने निष्पक्ष और भयमुक्त विधानसभा चुनाव के लिए जारी किया हेल्पलाइन नंबर
अनुराग ठाकुर के वीडियो पर विपक्ष हमलावर
वहीं, दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने भी अनुराग ठाकुर पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स पर वीडियो पोस्ट करके उन पर तंज कसा। सौरभ भारद्वाज ने तंज कसते हुए कहा, "मंगलवार को माथे पर तिलक लगाकर मांसाहारी भोजन। वोट पाने के लिए हनुमान जी का अपमान करने को भी तैयार?"
दिल्ली की द्वारका सीट से पूर्व विधायक विनय मिश्रा ने अनुराग ठाकुर का वीडियो शेयर करके तंज कसा। उन्होंने लिखा, "गले में भगवा गमछा और माथे पर तिलक, और आज मंगलवार है। मंगलवार हनुमान जी का दिन है, और इसी दिन कोलकाता में मछली खा रहे हैं। ठीक यही काम भाजपा के लोग दिल्ली में भी करते हैं। मंगलवार को चिकन-मछली की दुकानें बंद करवा देते हैं।"
यह भी पढ़े -खड़गे के 'आतंकवादी' बयान पर महाराष्ट्र भाजपा का तीखा हमला, कहा- 'उनका आधा दिमाग खराब हो गया'
महुआ मोइत्रा ने अनुराग ठाकुर पर कसा तंज
पूर्व विधायक ने आगे लिखा, ''मैं खुद शाकाहारी हूं। मुझे इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि कोई क्या खाता है। यह उनकी मर्जी है, लेकिन समस्या तब पैदा होती है जब यही लोग दूसरों को खाने से रोकते हैं, पीटते हैं, गाली-गलौज और धमकियां देते हैं, और खुद भगवा गमछा और माथे पर चंदन का तिलक लगाकर मंगलवार को मांस खाते हैं। यह शर्मनाक है।''
वहीं, टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने भी अनुराग ठाकुर पर निशाना साधने का मौका नहीं छोड़ा। उन्होंने भी एक्स पर वीडियो पोस्ट करके लिखा, "आपको बंगाल में मछली का आनंद लेते हुए देखकर खुशी हुई। चिंता मत कीजिए। यह कोई काल्पिनक दुनिया नहीं है। आप हुगली नदी पर क्रूज का आनंद ले सकते हैं और बिना गिरफ्तार हुए मछली खा सकते हैं।"
Created On :   22 April 2026 12:54 AM IST












