Anurag Thakur: कोलकाता में मांसाहारी खाने पर छिड़ा संग्राम, मीडिया वार्ता के दौरान अनुराग ठाकुर क्यों खाने लगे मछली भात?

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की नजदीकियों को देखते हुए राजनीतिक बयानबाजियां और चुनावी प्रचार अपने चरम पर है। इसी बीच राज्य में मांसाहारी खाने को लेकर बड़ी चर्चा हो रही है। TMC ने बीजेपी पर आरोप लगाया है कि अगर वह सरकार में आ जाएंगे तो मांस, मझली खाने पर रोक लगा देंगे। इस बयान पर भाजपा पार्टी के सांसद अनुराग ठाकुर ने मंगलवार (21 अप्रैल) को मीडिया ब्रीफिंग की। इस दौरान उन्होंने मछली भात भी खाई और कहा कि टीएमसी राज्य में खाने-पीने को लेकर भ्रम फैला रही है।
खान पान के मामले में सीएम भ्रम फैला रही- अनुराग
अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘हम मांस, मछली और चावल खा रहे हैं। भाजपा के 16 राज्यों में और एनडीए के 20 राज्यों में सरकार है, लेकिन कहीं भी किसी के खान-पान, पूजा या अभिव्यक्ति पर कोई रोक नहीं है।’ उनका आरोप था कि पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के पास 15 साल के शासन काल में कोई अच्छी काम नहीं है, इसलिए वह डर, भ्रम और अफवाह फैला रही हैं।
उन्होंने TMC सरकार की कानून-व्यवस्था और आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा, ‘यहां अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। इसी वजह से निवेश नहीं आ रहा और युवाओं का ब्रेन ड्रेन हो रहा है। लोग राज्य छोड़कर बाहर जा रहे हैं।’ उन्होंने आगामी राजनीतिक बदलाव का संकेत देते हुए कहा कि 4 मई आएगी, टीएमसी जाएगी।
मुझे हर तरह की मछली पसंद- हर्षवर्धन
इसी मुद्दे पर राज्यसभा सांसद हर्षवर्धन ने अपनी बात रखते हुए कहा कि ‘मुझे हर तरह की मछली पसंद है, चाहे चिंगड़ी, मागुर, पाबदा, रोहू या कतला हो, लेकिन दुख की बात है कि बंगाल, जहां समुद्र, नदियां और तालाब हैं, वहां मत्स्य उद्योग अपेक्षित स्तर पर विकसित नहीं हुआ।’
उन्होंने कहा सिलीगुड़ी में उन्हें जो मछली मिलती है, वह आंध्र प्रदेश, ओडिशा और गुजरात से आती है। उन्होंने कहा, ‘मैंने पूछा कि बंगाल की मछली कहां है? तो जवाब मिला यहां की मछली तो है ही नहीं। क्योंकि टीएमसी ने मत्स्य पालन में निवेश नहीं किया और किसानों की अनदेखी की।’
बता दें, कोलकाता में मछली-भात की यह तस्वीर सिर्फ एक सांस्कृतिक संकेत का हिस्सा नहीं, बल्कि चुनावी बयानबाजी का हिस्सा बन गई है। जहां भोजन की थाली से लेकर विकास के मुद्दे तक, सब कुछ राजनीतिक विमर्श का केंद्र बनता दिख रहा है।
Created On :   21 April 2026 8:51 PM IST












