Women Reservation Implementation: विपक्ष ने महिला आरक्षण और परिसीमन पर सरकार को घेरने का प्लान किया तैयार, खरगे के आवास पर हुई मीटिंग

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंडिया गठबंधन की बुधवार (15 अप्रैल) को नई दिल्ली में बैठक हुई है। इसमें शामिल दलों ने स्पष्ट किया कि वे संसद में आने वाले महिला आरक्षण संशोधन बिल के खिलाफ नहीं हैं। लेकिन हम बिल लाने के तरीके और उसकी टाइमिंग का विरोध करेंगे। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा जिस तरीके से बिल को पेश किया जा रहा है उसे लेकर पार्टियों को आपत्ति है। महिला आरक्षण अधिनियम सर्वसम्मति से पास हुआ है और कोई भी इसका विरोध नहीं कर रहा। सरकार सिर्फ इसका राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश कर रही है, इसलिए हम इसका विरोध कर रहे हैं।
महिला आरक्षण संशोधन बिल के खिलाफ नहीं- खरगे
खरगे ने कहा "हम महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन लाने की टाइमिंग और सरकार के तरीके का विरोध करते हैं जो राजनीति से प्रेरित है। आगे उन्होंने कहा INDIA गठबंधन ने परिसीमन विधेयक का विरोध करने का निर्णय लिया है, हम एकजुट हैं।" यह बैठक मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर दोपहर 3 बजे बुलाई गई थी।
बैठक में कौन-कौन से दल के नेता हुए शामिल?
इस मीटिंग में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल और जयराम रमेश, द्रमुक नेता टी. आर. बालू, TMC (तृणमूल कांग्रेस) की सांसद सागरिका घोष, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत एवं अरविंद सावंत, राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले, आम आदमी पार्टी (AAP) नेता संजय सिंह सहित अन्य विपक्षी विपक्षी दल शामिल हुए। समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और UP के पूर्व सीएम अखिलेश यादव डिजिटल माध्यम से मिटिंग में हिस्सा लिया।
महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को मूर्त रूप देने के लिए बृहस्पतिवार (16 अप्रैल) को विधेयक दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) में पेश किया जाएगा। बता दें, संसद के निचले सदन में इस समय 543 सीटें हैं उसे बढ़ाकर 850 कर दिया जाएगा।
Created On :   15 April 2026 7:53 PM IST












