Shankaracharya Controversy: सीएम योगी के बयानों पर भड़के सपा सांसद अवधेश प्रसाद, कहा- शंकराचार्य कौन होगा? इसका निर्णय सरकार नहीं उनका समाज करेगा

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर एक बयान दिया था। अब उस बयान पर जमकर सियासत हो रही है। इसी बीच अयोध्या जिले के सांसद और समाजवादी पार्टी के नेता अवधेश प्रसाद ने सीएम योगी आदित्यनाथ पर हमला बोला है। शंकराचार्य कौन हैं यह फैसला योगी सरकार नहीं बल्कि इसका फैसला उनका ही समाज करेगा।
सपा नेता ने मीडिया से बात करने दौरान सीएम योगी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, "शंकराचार्य कौन होगा, इसका निर्णय सरकार नहीं करेगी, इसका निर्णय समाज करता है। जिसकी पहचान साधु के रूप में है, संत के रूप में है, उसको वहां का रहने वाला समाज पहचानता है, जिसे किसी भी तरीके का सर्टिफिकेट देने की जरूरत नहीं है।"
अवधेश प्रसाद ने कहा, 'शंकराचार्य एक विचारधारा होती है जनता के मन में साधु संतों को लेकर एक आस्था होती है जिसमें किसी भी सरकार को प्रमाण पत्र देने की जरूरत नहीं है।' आस्थाओं और धार्मिक परंपराओं का अपना अलग ही स्वतंत्र स्वरूप होता है। इस पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। अवधेश प्रसाद के इस बयान से राज्य में सियासी हलचल और तेज हो गई है।
योगी के बयान पर राजनीतिक हलचल तेज
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ के दिए गए बयान पर राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि मुद्दा धार्मिक और राजनीति से जुड़ा हुआ है इस और गरमा सकता है। वहीं, विश्लेषकों का कहना है कि 2027 के विधासभा चुनाव को देखते हुए आने वाले समय में यह बयानबाजी और तेज हो सकती है। जब पत्रकारों ने अवधेश प्रसाद से प्रश्न किया कि 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर योजना बनाई जा चुकी है, तो उन्होंने इसे सिरे से खारिज कर दिया।
2027 में अखिलेश की सरकार बनने का किया दावा- अवधेश
उन्होंने कहा, “किसी भी प्रकार का कोई भी खाका अभी तय नहीं किया गया है। 2027 में PDA की सरकार बनेगी और यह सरकार अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश के किसानों, युवाओं और मजदूरों और PDA समाज के सभी वर्गों को समर्पित रहेगी।”
उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए सपा सांसद ने कहा कि राज्य में मौजूदा सरकार ने डेवलपमेंट का कोई भी काम नहीं किया है। बल्कि अखिलेश सरकार में जो विकास के काम चल रहे थे उसे आकर रोका है। उन्होंने कहा कि 2027 में जब अखिलेश की सरकार बनेगी तो सभी रुके हुए कार्यों को फिर से चालू किया जाएगा।
Created On :   14 Feb 2026 10:21 PM IST












