T20 World Cup 2026: आज भारत का आखिरी ग्रुप मैच नीदरलैंड से, बदलेगी टीम इंडिया की प्लेइंग XI? मौसम से लेकर पिच रिपोर्ट तक जानें सब कुछ

आज भारत का आखिरी ग्रुप मैच नीदरलैंड से, बदलेगी टीम इंडिया की प्लेइंग XI? मौसम से लेकर पिच रिपोर्ट तक जानें सब कुछ
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार परफॉर्म कर रही भारतीय टीम आज ग्रुप स्टेज का अपना आखिरी मुकाबला नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलने जा रही है। मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे से शुरू होगा, जिसका टॉस शाम 6.30 बजे से होना है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार परफॉर्म कर रही भारतीय टीम आज ग्रुप स्टेज का अपना आखिरी मुकाबला नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलने जा रही है। मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे से शुरू होगा, जिसका टॉस शाम 6.30 बजे से होना है। टीम इंडिया ने पहले ही सुपर-8 स्टेज में एंट्री कर ली है। लेकिन भारतीय टीम इस मैच में कुछ बदलाव के साथ मैदान पर उतर सकती है। टीम मैनेजमेंट इस मुकाबले में बेंच स्ट्रेंथ को परखने के मूड में नजर आ रहा है। हालांकि, टी-20 के नंबर-1 बैटर अभिषेक शर्मा टूर्नामेंट में अब तक खाता भी नहीं खोल सके। वे पाकिस्तान और अमेरिका के खिलाफ जीरो पर आउट हुए। दूसरी ओर, नीदरलैंड को अगले राउंड की उम्मीदों के लिए जीत चाहिए। टीम आज हारी तो ग्रुप स्टेज में ही बाहर भी हो जाएगी।

दोनों ने अब तक एक ही टी-20 खेला

भारत और नीदरलैंड की टीमें टी-20 इंटरनेशनल में दूसरी बार ही आमने-सामने होने जा रही हैं। इससे पहले 2022 के वर्ल्ड कप में दोनों टीमें सिडनी में भिड़ी थीं। तब पहले बैटिंग करते हुए भारत ने 179 रन बनाए थे, नीदरलैंड 123 रन ही बना पाया था।

कुलदीप और हार्दिक को मिल सकता है आराम

रिपोर्ट्स के मुताबिक टीम मैनेजमेंट इस मैच में स्पिनर कुलदीप यादव और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को आराम दे सकता है। उनकी जगह तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज को मौका मिलने की संभावना है। हालांकि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के खेलने को लेकर पहले ही संकेत मिल चुके हैं, जिससे गेंदबाजी आक्रमण में संतुलन बना रहेगा।

पिच रिपोर्ट

नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच बैटिंग फ्रेंडली मानी जाती है। यहां दोनों ही पारियों में रन बनाना आसान होता है। 11 मैच में 5 बार 200 से ज्यादा का स्कोर बना है। पहली पारी में 185 से ज्यादा रन बनाना विनिंग स्कोर है। टी-20 वर्ल्ड कप में 3 मैच खेले गए। हर पारी में 150 से ज्यादा रन बने। वर्ल्ड कप में एक मैच पहले बैटिंग करने वाली और एक मैच बाद में बैटिंग करने वाली टीम ने जीता। वहीं एक मुकाबला टाई भी रहा।

मौसम अपडेट

अहमदाबाद में बुधवार को बारिश की कोई संभावना नहीं है। टेम्परेचर 19 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। मैच के दौरान टेम्परेचर 23 से 26 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। अहमदाबाद में रात के दौरान ओस का असर भी देखने को मिलता है। इसलिए टीमें टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनना पसंद करती है।

दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11

भारत: ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, मोहम्मद सिराज/जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह।

नीदरलैंड: माइकल लेविट, मैक्स ओ'डाउड, बास डी लीडे, कॉलिन एकरमैन, स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान), जाक लियोन-कैशे, रूलोफ वान डर मर्व, लोगन वान बीक, आर्यन दत्त, काइल क्लीन और फ्रेड क्लासन।



Created On :   18 Feb 2026 12:08 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story