Asian Para Games 2026: पीएम मोदी ने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की, कहा- देश को आपके शानदार प्रदर्शन पर गर्व है

पीएम मोदी ने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की, कहा- देश को आपके शानदार प्रदर्शन पर गर्व है

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एशियन पैरा गेम्स के पहले दिन भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 11 पदक (4 गोल्ड, 5 सिल्वर और 2 ब्रोन्ज) अपने नाम किए और मेडल टैली में 4थे स्थान पर रहा। भारतीय एथलीटों ने सबसे बेहतरीन प्रदर्शन एथलेटिक्स में किया, जहां से 3 गोल्ड सहित कुल 6 मेडल हासिल किए। इसके अलावा शूटिंग में एक गोल्ड और एक सिल्वर के साथ दिन की सकारात्मक शुरुआत हुई। जबकि जूडो में एक रजत व एक कांस्य और तैराकी में एक रजत पदक भारत के खाते में जुड़ा। खिलाड़ियों की उपलब्धि पर पीएम नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है।

गोल्ड मेडल जीतने वाले रिंकू हुड्डा के लिए पीए मोदी ने लिखा, "रिंकू हुड्डा के लिए एक बड़ी उपलब्धि! एशियन पैरा गेम्स 2026 में, रिंकू ने पुरुषों की जैवलिन थ्रो F46 स्पर्धा में 65.11 मीटर के शानदार थ्रो (जो इस सीजन का उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है) के साथ गोल्ड मेडल जीता है! उनका यह बेहतरीन प्रदर्शन उनके अनुशासन और समर्पण को दर्शाता है। वे आगे भी नई ऊंचाइयां छूते रहें!"

अजीत सिंह को लेकर पीएम मोदी ने लिखा, "अजीत सिंह ने बेहतरीन कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक जज्बा दिखाया है। उन्होंने एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों की जैवलिन थ्रो F46 स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता है। उन्हें बधाई। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"

कार्तिक बुडिगिना को लेकर लिखा, "भारत के लिए एक खास सिल्वर मेडल! एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल S13 स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतने पर रवि के बुडिगिना को बधाई। उनका दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और खेल भावना वाकई तारीफ के काबिल है. यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व का पल है। भविष्य में उन्हें और भी सफलता मिले, यही कामना है।"

निषाद कुमार को लेकर पीएम ने लिखा, "एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों की लॉन्ग जंप T47 स्पर्धा में शानदार छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीतने पर निषाद कुमार पर बहुत गर्व है। इस स्पर्धा में अपने पहले ही प्रयास में स्वर्ण पदक जीतना इस उपलब्धि को और भी खास बना देता है। उनकी बहुमुखी प्रतिभा, दृढ़ संकल्प और खेल में उत्कृष्टता वाकई प्रेरणादायक है। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"

कोकिला पर लिखा, "एशियन पैरा गेम्स 2026 में महिलाओं के J2 -52kg जूडो इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर कोकिला को बधाई! पिछले एशियन पैरा गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल से लेकर, एक नई कैटेगरी में सिल्वर मेडल तक का उनका सफर उनके अद्भुत धैर्य, समर्पण और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। आने वाले वर्षों में उन्हें और भी सफलता मिले, यही शुभकामना है।"

Created On :   20 Oct 2026 12:23 AM IST

Tags

Next Story