Bhopal News: कांग्रेस की संभाग व महिला कांग्रेस की समीक्षा बैठक,संगठन को अधिक सक्रिय व मजबूत करने की बनाई रणनीति

कांग्रेस की संभाग व महिला कांग्रेस की समीक्षा बैठक,संगठन को अधिक सक्रिय व मजबूत करने की बनाई रणनीति
पटवारी ने कहा 33 प्रतिशत आरक्षण पहल सालों पहले सोनिया गांधी ने संसद में उठाई थी, अब केंद्र सरकार ने इसे जातिगत जनगणना और परिसीमन के पेच में उलझा दिया

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने संभाग और महिला कांग्रेस पदाधिकारियों की संभागवार बैठक में संगठन को और अधिक सक्रिय व मजबूत करने की रणनीति बनाई गई। इस दौरान पीसीसी के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, संगठन महासचिव संजय कामले सहित विभिन्न संभागों के जिला अध्यक्षों और महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इंदौर और खंडवा, संभाग के जिला अध्यक्षों को संगठनात्मक गतिविधियाें, जमीनी स्तर पर काम करने और सक्रियता से सामाजिक कार्यक्रमों में हिस्सेदारी पर जोर दिया गया।

रीवा और सागर संभाग के जिला अध्यक्षों को भी अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए। महिला कांग्रेस की बैठक में महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों ने भाग लिया। महिला कांग्रेस की आगामी रणनीति, संगठन विस्तार एवं महिलाओं की राजनीति में भागीदारी बढ़ाने पर गहन पर मंथन किया गया। इसमें महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी एआईसीसी सचिव उषा नायडू सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। हरीश चौधरी ने कहा कि संगठन की मजबूती ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है और इसके लिए प्रत्येक स्तर पर सक्रियता जरुरी है। उन्होंने जिला अध्यक्षों से जमीनी स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने और संगठन के लिए काम करने का आह्वान किया।

जीतू पटवारी ने कहा कि महिलाओं को राजनीति में 33 प्रतिशत आरक्षण देने की पहल सोनिया गांधी ने सालों पहले संसद में उठाई थी, लेकिन मौजूदा केंद्र सरकार ने इसे जातिगत जनगणना और परिसीमन के पेच में उलझाकर इसके क्रियान्वयन को टाल दिया है। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं के अधिकारों और उनकी भागीदारी को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभाना होगी। रीना बोरासी ने कहा कि महिला कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की जा रही है, जिससे महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व को सशक्त बनाया जा सके।

Created On :   17 April 2026 5:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story