Datia By Election 2026: दतिया उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी 6016 वोट से जीते, पूर्व गृह मंत्री मिश्रा का बूथ भी हारी भाजपा

दतिया उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी 6016 वोट से जीते, पूर्व गृह मंत्री मिश्रा का बूथ भी हारी भाजपा
मप्र के दतिया विधानसभा उप चुनाव में सोमवार को कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने 6016 वोट से चुनाव जीत लिया।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मप्र के दतिया विधानसभा उप चुनाव में सोमवार को कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने 6016 वोट से चुनाव जीत लिया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय भोपाल में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने मिलकर मेलोडी टॉफी खिलाकर बधाई दी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में पटाखे फोड़कर जश्न मनाया। दतिया विधानसभा उप चुनाव में कांग्रेस ने दूसरी बार भाजपा को हराया। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह को 66 हजार 757 और भाजपा के आशुतोष तिवारी को 60 हजार 741 वोट मिले। घनश्याम ने आशुतोष को 6016 वोटों से परास्त किया। चाैंकाने वाला सच यह है कि दतिया में पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के पोलिंग बूथ नंबर 121 पर भी भाजपा हार गई। यहां कांग्रेस को 291 और भाजपा को 264 वोट मिले। तीसरे स्थान पर आजाद समाज पार्टी के दामोदर यादव मंडल को 22 हजार 527 वोट मिले। हार के बाद आशुतोष तिवारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जो भीतरघाती हैं, जो भाजपा को मां कहते हैं और फिर ऐसा मजाक करते हैं, उनको सोचना चाहिए। हार के कारणों की समीक्षा करेंगे। जीत के बाद कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने कहा कि भाजपा की अंत की शुरुआत हो चुकी है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा यह मप्र की राजनीति में बदलाव का शंखनाद है। जनता ने अहंकार, रिवेंज, भ्रष्टाचार और सत्ता के दुरुपयोग का पॉलिटिकल का प्रतिकार किया है। नई दिशा में जाने का रास्ता दिया है। पटवारी ने समाजवादी पार्टी का आभार जताया। जेन जी के आंदोलन को दतिया की जनता ने सपोर्ट किया। कार्यकर्ताओं कड़ी मेहनत की। भाजपा के 50 करोड़ और 25 मंत्री रात दिन लगे रहे।

आखिरी 3 राउंड में जीत का अंतर घटा

मतगणना के नौवें राउंड तक कांग्रेस की बढ़त 9519 वोटों की हो गई थी। 14वें राउंड में कांग्रेस को 6614 और भाजपा को 3100 वोट मिले थे, जिससे लीड 7459 वोट रह गई थी। आखिरी राउंड में जीत का अंतर और घटा। अंतिम परिणाम में कांग्रेस 6016 वोटों से विजयी रही। कांग्रेस पहले से 12वें राउंड तक आगे रही, लेकिन 13वें से 15वें (अंतिम राउंड) राउंड में भाजपा ने जीत का मार्जिन कम लिया।

हार की होगी समीक्षा - भाजपा

हार के बाद भाजपा कार्यालय में सन्नाटा रहा। भाजपा ने हार स्वीकार कर समीक्षा की बात कही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने वीडियो जारी कर अनुशासन की बात कही है। कहा भाजपा के लिए अनुशासन सर्वोपरि है। कोई भी कार्यकर्ता किसी भी पद पर हो उसको पार्टी के अनुशासन में रहकर ही काम करना चाहिए। खंडेलवाल के बयान से भितरघात की आशंका प्रतीत हो रही है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस की सीट कांग्रेस के पास है। भाजपा को पिछले चुनाव में जो वोट मिले थे, उससे 1700 वोट अिधक मिले हैं।

आपसी लड़ाई में बटे कार्यकर्ता

उप-चुनाव में भाजपा के कार्यकर्ता बटे हुए नजर आए। हालांकि कार्यकर्ताओं ने चुनाव में भाजपा नेताओं के साथ मंच साझा किया और चुनाव जीतने के दावे भी किए। लेकिन राजनीतिक पंडितों की मानें तो अंदरखाने सब कुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा था। भाजपा को कई दिग्गजों के बूथ पर हार का सामना करना पड़ा। नतीजा ये रहा कि दतिया उप-चुनाव में भाजपा को कांग्रेस ने एक बार फिर हरा दिया। नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने से भाजपा का एक धड़ा अच्छा खासा नाराज था जिसकी बानगी चुनाव से पहले देखी जा चुकी है। कार्यकर्ताओं का चक्का जाम करना और भाजपा जिला कार्यालय में प्रदर्शन बताता है कि कार्यकर्ता भाजपा के इस निर्णय से खुश नहीं थे। हालांकि भाजपा ने डैमेज कंट्रोल करने की तमाम कोशिश की लेकिन नतीजा यह बताता है कि वह पूरी तरह सफल नहीं रही।

कांग्रेस कार्यकर्ता दुख में रहेंगे साथ - दिग्विजय सिंह

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि यह भाजपा की हार उनके अहंकार और जन भावनाओं की अनदेखी का परिणाम है। जीत के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हैं। सभी जांबाज कार्यकर्ताओं को, जिन्होंने सब दुख दर्द सह कर भी कांग्रेस का साथ नहीं छोड़ा, ये अपने आप में ही उनकी बहादुरी और उनकी कर्मठता इससे प्रमाणित होती है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा यह एक-एक कार्यकर्ता की मेहनत का परिणाम है। यह जीत सिर्फ एक उप चुनाव की जीत भर नहीं है, बल्कि देश और प्रदेश की हवा में हो रहे बदलाव का संकेत है।

किसको कितने वोट मिले

प्रत्याशी पार्टी मत परिणाम

घनश्याम सिंह कांग्रेस 66757 (+ 6016) जीत

आशुतोष तिवारी भाजपा 60741 ( -6016) हार

दामोदर यादव आजाद समाज पार्टी 22527 ( -44230) हार

नोटा - 456 ( -66301)

Created On :   5 Aug 2026 1:49 AM IST

Tags

Next Story