एमपी में बड़ी दुर्घटना: भोपाल ISBT में खड़ी 8 बसों में लगी आग, 4 पूरी तरह जलीं, डेढ़ घंटे में पाया काबू

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा क्षेत्र में स्थित अंतरराज्यीय बस टर्मिनस (ISBT) परिसर में रविवार शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां खड़ी वर्मा ट्रेवल्स की 8 बसों में आग लग गई। आग से उठता काला धुआं इतना दूर तक दिखाई दे रहा था कि करीब एक किलोमीटर दूर से भी लोग इसे देख सकते थे।
आग लगते ही बस स्टैंड परिसर में अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे तक आग बुझाने का काम चला, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।
यह भी पढ़े -प्रधानमंत्री के पिता पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर बरसे, कहा - विरोध विचारों का करें, परिवार का नहीं
4 बसें पूरी तरह जलीं, बाकी को भी नुकसान
इस घटना में 4 बसें पूरी तरह जल गईं, जबकि अन्य 4 बसों का आधा हिस्सा आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। सभी बसें डीजल इंजन वाली थीं। ये बसें सूरत, अहमदाबाद, पुणे, बालाघाट, छिंदवाड़ा और बैतूल जैसे रूट पर चलती थीं। हादसे के बाद इन रूटों पर जाने वाले यात्रियों की यात्राएं रद्द कर दी गईं।
धमाके की आवाज के बाद फैली आग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार शाम करीब 7 बजे अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। इसके बाद एक बस में आग दिखाई दी। देखते ही देखते आग पास में खड़ी दूसरी बसों तक फैल गई। बस मालिक ने शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह बताया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
CCTV फुटेज की जांच कर रही पुलिस
गोविंदपुरा एसीपी अदिति भावसार के अनुसार, आग लगने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि घटना दुर्घटनावश हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। ISBT परिसर में लगे आधा दर्जन से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के कारणों का पता चल सकेगा।
Created On :  


