MP News: अक्टूबर में पुलिस ने बरामद की ₹12 करोड़ मूल्य की चोरी की संपत्ति

अक्टूबर में पुलिस ने बरामद की ₹12 करोड़ मूल्य की चोरी की संपत्ति
तकनीकी, इंटेलिजेंस निगरानी और त्वरित रिस्पॉन्स का किया उपयोग

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने अक्टूबर माह में अपराध नियंत्रण और जनता की सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पूरे राज्य में चोरी, लूट और अन्य गंभीर अपराधों पर सतत निगरानी और प्रभावी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ₹12 करोड़ 55 लाख 16 हजार मूल्य की चोरी गई संपत्ति बरामद की है। बरामद सामग्री में सोना, चांदी, नगदी, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य वस्तुएं शामिल हैं।

प्रदेश के विभिन्न जिलों में की गई कार्रवाइयों में कई महत्वपूर्ण सफलताएँ दर्ज की गई हैं। ग्वालियर पुलिस ने ₹5 करोड़ 70 लाख, भोपाल पुलिस ने ₹5 करोड़ 4 लाख, इंदौर पुलिस ने ₹36 लाख और सीहोर पुलिस ने ₹35 लाख मूल्य की चोरी गई संपत्ति बरामद की। इन मामलों में आरोपी गिरफ्तार कर न्यायालयीन कार्यवाही प्रारंभ की जा चुकी है।

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने बताया कि मध्यप्रदेश पुलिस ने अपराधों पर नियंत्रण और चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए आधुनिक तकनीकी साधनों, इंटेलिजेंस आधारित निगरानी और त्वरित रिस्पॉन्स प्रणाली का प्रभावी उपयोग किया है। उन्होंने कहा, हमारे पुलिसकर्मी हर परिस्थिति में तत्पर रहते हैं। चोरी, लूट या अन्य गंभीर अपराधों के मामलों में सटीक सूचना, तेजी से कार्रवाई और साक्ष्य-आधारित निगरानी से अपराधियों को किसी भी समय पकड़ना संभव हो पाया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार मध्य प्रदेश पुलिस ने अपराध नियंत्रण और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नवीन तकनीकों और सटीक (सख्त) कार्रवाई पर ज़ोर देते हुए कई पहल की हैं। पुलिस बल ने डेटा आधारित निगरानी, त्वरित कार्रवाई, आधुनिक तकनीकी साधन और सटीक इंटेलिजेंस शामिल है।

Created On :   18 Oct 2025 6:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story