विदर्भ में कोरोना संक्रमित 21 बिजली कर्मियों की मौत

21 electric workers killed in Corona infected in Vidarbha.
विदर्भ में कोरोना संक्रमित 21 बिजली कर्मियों की मौत
विदर्भ में कोरोना संक्रमित 21 बिजली कर्मियों की मौत

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  बिजली आपूर्ति अत्यावश्यक सेवा में होने से बिजली कर्मचारी कोरोनाकाल में भी अखंडित सेवा दे रहे हैं। इस दौरान नागपुर समेत विदर्भ में अभी तक 21 कर्मचारियों की कोरोना से मृत्यु हो चुकी है। अकेले नागपुर में 100 से ज्यादा कर्मचारी संक्रमित हैं। महावितरण के प्रादेशिक संचालक सुहास रंगारी ने बिजली व ठेका कर्मचारियों को अपना ख्याल रखने और सभी को वैक्सीन लेने का आह्वान किया है। प्रादेशिक संचालक श्री रंगारी ने विभाग के 12 कर्मचारी संगठनों के करीब 45 पदाधिकारियों से वीडियो  कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया और कर्मचारियों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। 

637 कर्मचारी उपचार ले रहे 
मार्च-2020 से अप्रैल-2021 तक नागपुर  प्रादेशिक विभाग में 1 हजार 317 अधिकारी-कर्मचारियों को कोरोना हुआ। इनमें से 659 कोरोनामुक्त हुए। फिलहाल 637 कर्मचारी उपचार ले रहे हैं। 21 कर्मचारियों की मृत्यु हो चुकी है। सभी कर्मचारियों को कोरोना का टीका लगाने का आह्वान किया गया है।   

दूसरी लहर गंभीर है, ध्यान रखें
रंगारी ने कहा कि, खतरा अभी टला नहीं है। दूसरी लहर गंभीर है आैर इसी दौरान मानसून पूर्व दुरुस्ती व मेंटेनंेस के कार्य पूरे करने हैं।  परिमंडल स्तर पर कोरोना समन्वय कक्ष शुरू किए गए हैं, जहां से समस्या व परेशानी दूर की जाती है।  कोरोनाकाल में हुई वसूली पर संतोष जताते हुए उन्होंने कर्मचारियांे की सराहना की। 

25 फीसदी कर्मियों का ही टीकाकरण 
अभी तक 25 फीसदी कर्मचारियों (ठेका कर्मी भी) ने ही टीका लगवाया है। 15 दिन में ज्यादा से ज्यादा कर्मचारियों के टीकाकरण के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश रंगारी ने अधिकारियों को दिए हैं। साथ ही कर्मचारियों को मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंसिंग रखने, नियमित हाथ धोने और नियमित भाप लेने का आह्वान भी रंगारी ने किया है। 

यह अधिकारी मौजूद थे
इस संवाद कार्यक्रम में महावितरण नागपुर प्रादेशिक विभाग के सभी मुख्य अभियंता, अधीक्षक अभियंता, नागपुर परिमंडल के मुख्य अभियंता दिलीप दोड़के, अधीक्षक अभियंता  हरीश गजबे, अजय खोब्रागड़े, अमित परांजपे, सहायक महाव्यवस्थापक (प्रभारी) जॉन रामटेके, सहमुख्य औद्योगिक संबंध अधिकारी मधुसूदन मराठे प्रमुखता से उपस्थित थे।

सीजीएसटी के पूर्व आयुक्त कुशवाह की कोरोना से मौत
केंद्रीय वस्तु व सेवा कर (सीजीएसटी) नागपुर जोन के पूर्व अतिरिक्त आयुक्त एस.पी. कुशवाह की मौत हो गई। वे कोरोना संक्रमित थे। एक वर्ष पूर्व ही वे नागपुर जोन से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद वे मुंबई शिफ्ट हो गए थे। सीजीएसटी नागपुर में इसके पूर्व एक महिला अधीक्षक व एक हवलदार की भी कोरोना से मृत्यु हो चुकी है। विभाग में दर्जनों अधिकारी-कर्मचारी कोरोना संक्रमित हैं। सीजीएसटी अधिकारी-कर्मचारियों की आेर से सोमवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। 
 

Created On :   20 April 2021 9:55 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story