महाराष्ट्र में 2024 के लोकसभा चुनाव में 40 सीटें जीतेगी आघाड़ी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। शिवसेना (उद्धव ठाकरे) सांसद और प्रवक्ता संजय राऊत ने दावा किया है कि राज्य में भाजपा और शिंदे गुट के खिलाफ जनता में माहौल बनना शुरू हो गया है। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में महाविकास आघाडी (एमवीए) 48 सीटों में से 40 सीटें जीतेगी। राऊत ने कहा कि देश में बढ़ रही महंगाई और बेरोजगारी ने राज्यों के हालात भी खराब कर दिए हैं। जिसका असर महाराष्ट्र में भी देखने को मिलेगा।
राऊत ने शुक्रवार को कहा कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव में एमवीए राज्य की 48 सीटों में से 40 सीटें जीत सकती है। राऊत ने इसके पीछे की वजह बताते हुए कहा कि राज्य में शिंदे-फडणवीस के खिलाफ आम लोगों में काफी गुस्सा है। राज्य के किसानों को सरकार मुआवजा नहीं दे पा रही है जिसके चलते लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के मुख्य प्रवक्ता महेश तपासे का कहना है कि संजय राऊत तथ्यों के आधार पर ही बात कर रहे हैं। तपासे ने कहा कि कुछ दिनों पहले एक सर्वे की रिपोर्ट सामने आई थी जिसमें राज्य में आघाडी को 40 सीटें मिलने का अनुमान बताया गया था। कुछ दिनों पहले ही पुणे में हुए उपचुनाव में आघाडी के उम्मीदवार को जीत हासिल हुई थी। इससे साफ होता है कि राज्य की जनता ने सत्ता परिवर्तन का मूड बना लिया है।
पहले पार्टी संभाले संजय राऊत-विश्वास पाठक
प्रदेश भाजपा के सह-मुख्य प्रवक्ता विश्वास पाठक ने संजय राऊत पर तंज कसते हुए कहा कि जो पार्टी चुने हुए विधायकों को नहीं संभाल सकती वह किस आधार पर बयानबाजी कर सकती है।पाठक ने कहा कि पहले उन्हें आघाडी में चल रहे झगड़े को समाप्त करना चाहिए।
Created On :   15 April 2023 3:32 PM IST












