विप में शिंदे गुट के विधायक के खिलाफ भाजपा और उद्धव गुट लामबंद

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विधान परिषद में विपक्षी शिवसेना (उद्धव गुट) और सत्तारूढ़ भाजपा के सदस्य अपने सहयोगी दल शिवसेना ( शिंदे गुट) के विधायक प्रकाश सुर्वे के खिलाफ लामबंद नजर आए। सदन में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने दहिसर में शिंदे गुट के कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा के कार्यकर्ता विभीषण वारे से मारपीट करने का मुद्दा उठाया। इस पर उपसभापति नीलम गोर्हे ने सरकार को मारपीट मामले के मास्टर माइंड को मंगलवार तक गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। वहीं सदन में दानवे ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता विभीषण पर तलवार से हमला किया गया है। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस मामले में एक विधायक के बेटे के ड्राइवर भी लिप्त हैं। जबकि शिवसेना (उद्धव गुट) के सदस्य अनिल परब ने कहा कि सत्तारूढ़ शिंदे गुट के विधायक को लगता है कि सरकार उनकी जेब में है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत है। वहीं भाजपा के सदस्य प्रवीण दरेकर ने कहा कि सरकार को इस मामले की गहराई से जांच करनी चाहिए। पुलिस इस घटना में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने को तैयार नहीं थी।
पुलिस को पता नहीं है क्या कि राज्य में सरकार बदल गई है? संबंधित पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक और डीसीपी को तत्काल निलंबित किया जाना चाहिए। इस हमले में घायल हुए विभीषण का शताब्दी अस्पताल इलाज करने के लिए तैयार नहीं था। इसलिए अस्पताल के संबंधित अधिकारियों को निलंबित किया जाना चाहिए। दरेकर ने कहा कि इस घटना के वीडियो में 55 लोगों हाथों में तलवार लिए हुए नजर आ रहे हैं। सभी आपराधिक पृष्ठभूमि लोग हैं। उन्हें महाराष्ट्र को बिहार बनाना है क्या ? इसके बाद राज्य के वन मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने इस मामले में जांच कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद उपसभापति ने कहा कि मैं सदन में संबंधित विधायक का नाम नहीं ले रही हूं। लेकिन उनके जुड़ा तीन मामला सामने आया है। एक महिला ने उनके खिलाफ अपने बेटे का डीएनए सिद्ध करने को लेकर अदालत में याचिका दायर की है। उनसे संबंधित एक वीडियो के वायरल हुआ है। सरकार ने वायरल वीडियो के मामले में एसआईटी का गठन किया है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि जांच कहां तक पहुंची है। वायरल वीडियो फर्जी है अथवा असली है। इस बारे में स्पष्ट होना चाहिए।
Created On :   21 March 2023 11:57 AM IST












