मुंबई छीनने के लिए भाजपा ने शिंदे को बनाया मुख्यमंत्री

BJP made Shinde the Chief Minister to snatch Mumbai
मुंबई छीनने के लिए भाजपा ने शिंदे को बनाया मुख्यमंत्री
संजय राउत ने कहा मुंबई छीनने के लिए भाजपा ने शिंदे को बनाया मुख्यमंत्री

डिजिटल डेस्क, मुंबई। शिवसेना के मुख्य प्रवक्ता व सांसद संजय राऊत ने कहा है कि मुंबई मनपा का चुनाव जीतने के लिए भाजपा ने एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाया है। ईडी की पूछताछ को लेकर राऊत ने कहा कि मैं किसी भी कार्रवाई से डरने वाला नहीं हूं। शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में राऊत ने कहा कि शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने साफ कर दिया है कि शिंदे शिवसेना के मुख्यमंत्री नहीं हैं। इसके बावजूद लोगों को भ्रमित करने के लिए बैनर-पोस्टर पर उद्धव जी की तस्वीर का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा को मुंबई को महाराष्ट्र से तोड़ना है। मुंबई में शिवसेना की ताकत को खत्म करना है। शिवसेना की हार के लिए शिंदे को मुख्यमंत्री बनाया गया है। शिवसेना से मुंबई छीनने के लिए शिंदे को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाया है। 

जहां ठाकरे, वहीं शिवसेना
देश की सबसे समृद्धिशाली महानगरपालिका मुबंई मनपा (बीएमसी) पर शिवसेना ने दो दशकों से अधिक समय तक शासन किया है। राउत ने आगे कहा कि कांग्रेस कई बार विभाजित हुई, लेकिन इंदिरा गांधी की कांग्रेस अब भी जिंदा है। उन्होंने कहा कि इसी तरह, शिवसेना वहीं है, जहां ठाकरे हैं। शिवसेना सांसद ने कहा कि उपमुख्यमंत्री का पद संभालने के लिए फडणवीस की सराहना की जानी चाहिए क्योंकि शिंदे पहले उनकी सरकार में एक मंत्री थे। उन्होंने कहा कि भाजपा में अनुशासन कायम रखा जाता है और आदेशों का पालन किया जाता है। 

हमारे सभी सांसद एकजुट
ऐसी खबरे आ रही हैं कि विधायकों के बाद अब शिवसेना के सांसद भी बगावत करेंगे। इस सवाल के जवाब में राऊत ने कहा कि यह खबरें निराधार हैं। हमारे सभी सांसद एकजुट हैं। शुक्रवार को शिवसेना सांसदों की बैठक भी बुलाई गई थी।                    

मैंने ईडी अधिकारियों से कहाः मैं बैग भर कर आया हूं
मनी लांड्रिग मामले में शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश हुए राऊत ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों से कहा कि वह उनके द्वारा पूछे गए किसी भी सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, “ईडी ने मुझसे 10 घंटे तक पूछताछ की। उन्होंने मेरे साथ अच्छा व्यवहार किया। मैंने उनसे कहा कि अगर और जानकारी की आवश्यकता है, तो मैं दूंगा। राऊत ने कहा कि मैंने ईडी अधिकारियों से कहा कि मैं बैग भर कर आया हूं।  


 
 

Created On :   2 July 2022 7:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story