- Home
- /
- कांग्रेस को नहीं चाहिए आम आदमी...
कांग्रेस को नहीं चाहिए आम आदमी पार्टी का साथ : माकन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अजय माकन ने 2019 के लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की संभावना से इंकार किया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री व आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर अन्ना आंदोलन के माध्यम से भाजपा को मजबूत करने का आरोप लगाते हुए उन्होने कहा है कि ऐसे केजरीवाल के साथ जाने का कोई मतलब नहीं है।
माकन ने शनिवार को यहां कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में अरविंद केजरीवाल की लोकप्रियता काफी गिर चुकी है। न तो दिल्ली की जनता केजरीवाल को चाहती है और न ही कांग्रेस कार्यकर्त्ता उनके साथ गठबंधन के पक्ष में हैं। उन्होने कहा कि कांग्रेस केजरीवाल के साथ कैसे जा सकती है जिसने पिछले लोकसभा चुनाव के पहले भाजपा के नजदीकी रहे किरण बेदी, वी के सिंह और बाबा रामदेव के साथ मिलकर न केवल कांग्रेस सरकार की प्रतिष्ठा धूमिल की, बल्कि भाजपा और नरेन्द्र मोदी को जबर्दस्त ताकत दी।
दरअसल दिल्ली की सियासत में पिछले दो दिन से चर्चा गर्म थी कि आगामी लोकसभा चुनाव में दिल्ली में कांग्रेस और आप मिलकर चुनाव लड़ेंगे। जानकारी के मुताबिक आप ने दिल्ली की सात लोकसभा सीटों में से दो सीट कांग्रेस को देने की पेशकश की है। लेकिन माकन के ताजा बयान ने इस अटकलबाजी पर विराम लगा दिया है।
Created On :   3 Jun 2018 12:40 AM IST