चैत्र नवरात्रि प्रारंभ होते ही मां कलेही मंदिर में उमड़ा भक्तों का सैलाब

डिजिटल डेस्क,पवई नि.प्र.। बुधवार से शक्ति की उपासना का पर्व चैत्र नवरात्रि शुरु होते ही देश भर के देवी मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमडऩे लगी है। इसी के साथ बुंदेलखंड में प्रसिद्ध पन्ना जिले के पवई नगर से एक किलोमीटर दूर पतने नदी के किनारे विराजमान मां कलेही सभी की आस्था का केंद्र है। चैत्र नवरात्रि हो या फिर शारदेय नवरात्रि दोनों में ही काफी संख्या में भक्तगण मां के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। चैत्र नवरात्रि के पहले दिन सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमडऩे लगी है। पूरे नौ दिन मन्दिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान व धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा। मंदिर पुजारी हरिकेश बढौलिया द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि पंचमी एवं अष्टमी को विशाल महाआरती होती है। मां कलेही में आसपास के लगभग 80 गांव के जवारे नवमी के दिन यहां आते हैं माता की भेंटे होती हैं तत्पश्चात पतने नदी में विसर्जन किया जाता है। माना जाता है कि माता कलेही हनुमान भाटे की दुर्गम पहाड़ी पर विराजमान थीं और अपने भक्त के कहने पर उस दुर्गम पहाड़ी से नीचे उतर कर यहां नदी के किनारे विराजमान हो गई थीं। यहां जिले सहित प्रदेश ही नहीं बल्कि अन्य प्रदेशों से भी काफी संख्या में श्रद्धालु आते हैं और माता उनकी सारी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं।
Created On :   23 March 2023 1:00 PM IST