महाराष्ट्र: छतों पर सामूहिक इफ्तारी पर नजर रखेंगे ड्रोन कैमरे

Drone cameras will monitor mass iftari on roofs- maharastra
महाराष्ट्र: छतों पर सामूहिक इफ्तारी पर नजर रखेंगे ड्रोन कैमरे
महाराष्ट्र: छतों पर सामूहिक इफ्तारी पर नजर रखेंगे ड्रोन कैमरे

डिजिटल डेस्क, मुंबई। रमजान के दौरान मुंबई में खरीदारी के लिए कोई विशेष छूट नहीं मिलेगी। मुंबई पुलिस के प्रवक्ता डीसीपी प्रणय अशोक ने बताया कि पूर्वनिर्धारित समयसीमा के तहत ही जीवनावश्यक वस्तुओं की दुकान खुलेंगी। लॉक डाउन के दौरान लोग इमारतों की छतों पर सामूहिक रूप से इफ्तारी न करें इसलिए ड्रोन कैमरों के जरिये नजर रखी जायेगी। दरअसल मुंबई पुलिस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था जिसमे पुलिस की गाड़ी में बैठा पुलिसकर्मी इस बात का एलान कर रहा है कि रमजान के दौरान इफ्तारी के लिए सब्जी, अनाज और फल की दुकानें रात साढ़े तीन बजे से दोपहर के 12 बजे तक खुली रहेंगी। इस पर लोगों ने टिप्पणी की कि नवरात्रि में किसी तरह की छूट ना देने वाली उद्धव ठाकरे सरकार रमजान के लिए विशेष व्यवस्था कर रही है। जिसके बाद अधिकारियों को सफाई देनी पड़ी की समयसीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

सूत्रों के मुताबिक दक्षिण और मध्य मुंबई इलाके में जहां बड़ी संख्या में मुसलमान रहते हैं वहां के निचले स्तर के पुलिस अधिकारियों ने रमजान के मद्देनजर मुस्लिम बहुल इलाकों में सुबह जल्द दुकाने खोलने की इजाजत देने का फैसला किया और इसकी सार्वजनिक घोषणा भी करवा दी गई। इसी दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामले की जानकारी मुंबई पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह तक पहुंची तो उन्होंने ऊपर से इजाजत लिए बिना यह फैसला करने वाले अधिकारियों को फटकार लगाई और निर्देश दिए कि खरीदारी के लिए समयसीमा में कोई बदलाव ना किया जाए।
 
पुलिस ने सब्जी विक्रेता को पीटा, वीडियो वायरल
मुंबई पुलिस द्वारा एक सब्जी विक्रेता की घाटकोपर इलाके में बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल हो गया है। गुरुवार को असल्फा विलेज में 50 वर्षीय भाजी विक्रेता असलम को घाटकोपर पुलिस स्टेशन के दो पुलिस कर्मियों ने बेरहमी से पीटा यहां तक कि एक पुलिस कर्मी ने टाइल्स से उसके सिर पर मारने का प्रयास किया। यह सब कुछ स्थानीय नगरसेवक किरण लांडगे की मौजूदगी में हुआ। जब मारपीट का वीडियो वायरल हो गया, तो पुलिस ने सब्जी बेचने वाले और उसके बेटे समीर पर ही पुलिस के साथ मारपीट का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आला पुलिस अधिकारियों ने इस मामले पर चुप्पी साध रखी है। 

Created On :   24 April 2020 3:12 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story