मामूली विवाद में बड़े भाई की हत्या

डिजिटल डेस्क, अमरावती। तलेगांव दशासर धामणगांव रेलवे तहसील के देवगांव में युवक द्वारा फांसी लगाने का मामला शनिवार 17 मार्च को सामने आया था। लेकिन मृतक के चेहरे पर जख्म दिखाई देते ही पुलिस ने हत्या की दिशा से मामले की जांच की। तब छोटे भाई को हिरासत में लेने के बाद हत्या मामला उजागर हुआ। बकरियों को तबेले से ले जाने के विवाद को लेकर छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या कर दी और उसे खुदकुशी बताकर पुलिस को गुमराह किया जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक तलेगांव दशासर थाना क्षेत्र के देवगांव में गणेश भास्कर राऊत (28) ने शुक्रवार 17 मार्च की रात फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। यह घटना शनिवार काे सुबह उजागर हुई थी। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। तब मृतक के सिर पर चोट के निशान दिखाई देने से पुलिस को इस मामले में संदेह हुआ और पुलिस ने उस दिशा से जांच की। परिजन व गांव के लोगों से पुछताछ। इस दौरान गणेश के छोटे भाई चेतन भास्कर राऊत (22) को भी हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की गई।
तब आरोपी ने बड़े भाई की हत्या की बात स्वीकार की। 17 मार्च की रात चेतन और गणेश घर पर मौजूद थे। उसकी मां किसी काम से बाहर गई हुई थी। शाम को गणेश ने तबेले से बकरी जंगल की ओर ले गया था। इस बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच झगड़ा हुआ। दोनों भाइयों के बीच हाथापाई हुई। जिसके चलते गणेश का सिर दीवार पर जा टकरा गया और वह बेहोश हो गया। इस दौरान चेतन को लगा कि वह मर चुका है। इसलिए फांसी के फंदे पर अपने ही सगे बड़े भाई को लटका कर उसे खुदकुशी बताकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया गया। तलेगांव दशासर पुलिस ने चेतन को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
Created On :   22 March 2023 4:14 PM IST











