पवार की सहमति होती तो दो दिन में सरकार नहीं गिरती

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सुबह की शपथ-विधि शरद पवार की सहमति से होने संबंधी उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा किए गए दावे पर कांग्रेस नेता व पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कहा कि शरद पवार वरिष्ठ और अनुभवी नेता हैं। अगर उनकी सहमति होती तो दो दिन में सरकार नहीं गिरती। सरकार पांच साल का कार्यकाल पूरा करती। ऐसे में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का बयान गलत है। नागपुर में डॉ. बबनराव तायवाडे के अभिष्ट चिंतन समारोह के लिए पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री चव्हाण संवाददाताओं से बात कर रहे थे। चव्हाण ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस अभ्यासु और होशियार हैं, इसमें कोई विवाद नहीं है। कहां, क्या और कब बोलना है, उन्हें अच्छे से पता है। फिलहाल कसबा और पिंपरी चिंचवड के उपचुनाव भी शुरू हैं। ऐसे में वे समय देखकर बयान देते हैं, यह सत्य है।
मीडिया की स्वतंत्रता बाधित नहीं होनी चाहिए
पूर्व मुख्यमंत्री चव्हाण ने कहा कि बीबीसी के मुंबई और दिल्ली कार्यालय में इनकम टैक्स द्वारा किए गए सर्च ऑपरेशन पर कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन लोकतांत्रिक देश में मीडिया की स्वतंत्रता बाधित नहीं होनी चाहिए। आज यह प्रकरण सर्च तक सीमित दिख रहा है। आगे कुछ निकलने पर ही इस पर बोला जा सकता है।
तांबे प्रकरण समाप्त हो गया : तांबे प्रकरण अब समाप्त हो गया है। सत्यजीत तांबे कांग्रेस में रहे, ऐसा बालासाहब थोरात को लग रहा है, लेकिन तांबे ने पहले ही अलग भूमिका ले ली है। बदलती परिस्थिति में ही सत्यजीत तांबे को निर्णय लेना है। न्यायालय ने शिंदे और ठाकरे गट के बाबत बिना विलंब किए तत्काल निर्णय लेना चाहिए था। सरकार आकर सात-आठ महीने हो गए हैं। पक्षांतर बंदी कानून की यह धज्जियां है। लोगों के मन में भ्रम है। कोर्ट किस कारण विलंब कर रहा है, इसे लेकर चर्चा हो रही है।
Created On :   15 Feb 2023 10:16 AM IST