आईपीएस अधिकारी देवेन भारती बने मुंबई के पहले विशेष पुलिस आयुक्त

डिजिटल डेस्क , मुंबई। राज्य सरकार ने बुधवार को मुंबई में विशेष पुलिस आयुक्त के पद को मंजूरी देते हुए 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी देवेन भारती को इस पर नियुक्त किया है। भारती उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस केकरीबी माने जाने वाले पुलिस अधिकारियों में शामिल हैं और फडणवीस के मुख्यमंत्री रहते वे मुंबई पुलिस में संयुक्त आयुक्त (कानून व्यवस्था) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इससे पहले वे आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) और आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। महाविकास आघाडी सरकार के कार्यकाल के दौरान भारती को महाराष्ट्र राज्य सुरक्षा महामंडल का संयुक्त प्रबंध निदेशक बनाया गया था।
शिंदे की अगुआई वाली मौजूदा सरकार ने भारती की जगह पिछले साल 13 दिसंबर को राज्यवर्धन की नियुक्ति कर दी थी। इसके बाद से ही चर्चा थी कि प्रतीक्षारत भारती को कोई अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है। सरकार द्वारा जारी आदेश के मुताबिक मुंबई में तैनात पांच संयुक्त पुलिस आयुक्त अब भारती के अधीन काम करेंगे। दावा किया गया है कि इससे पुलिस आयुक्त पर जिम्मेदारियों का बोझ कम होगा। सूत्रों के मुताबिक आगामी मुंबई महानगर पालिका चुनावों के मद्देनजर उपमुख्यमंत्री फडणवीस चाहते थे कि भारती को यह जिम्मेदारी सौंपी जाए इससे कानून व्यवस्था बेहतर तरीके से संभालने में मदद मिलेगी। हालांकि ज्यादातर वरिष्ठ अधिकारी इस तरह नया पद बनाने के सरकार के फैसले के खिलाफ हैं। उनकी राय है कि इससे असमंजस बढ़ेगा। बता दें कि दिल्ली में भी विशेष पुलिस आयुक्त का पद है।
दाऊद गिरोह से संबंधों के लग चुके हैं आरोप
देवेन भारती विवादों में भी रहे हैं। महाविकास आघाडी सरकार के कार्यकाल के दौरान भारती समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी जिसमें आरोप लगाया था कि उन्होंने भाजपा नेता हैदर आजम की पत्नी रेशमा द्वारा अवैध कागजात के आधार पर पासपोर्ट हासिल करने के मामले में शिकायत न दर्ज करने के लिए दबाव बनाया था। हालांकि जांच के बाद दायर आरोप पत्र में मुंबई पुलिस ने दावा किया कि उन्हें भारती के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिले। इसके अलावा भारती के खिलाफ विजय पलांडे नाम के एक आपराधिक पृष्ठभूमि के व्यक्ति ने दाऊद गिरोह से संबंध रखने के आरोप लगाए थे। राज्य के पूर्व पुलिस महानिदेशक संजय पांडे ने आरोपों की जांच की थी और राज्य सरकार को दो रिपोर्ट सौंपी थी। लेकिन शिंदे-फडणवीस सरकार ने इस रिपोर्ट को इस आधार पर खारिज कर दिया कि जांच का आदेश देते वक्त तय नियमों का पालन नहीं किया गया था।
समानांतर प्रशासन चलाने का फडणवीस का प्रयास-लोंढे
मुंबई में विशेष पुलिस आयुक्त पद बनाने और भारती के इस पर नियुक्ति को लेकर कांग्रेस पार्टी के मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे ने देवेंद्र फडणवीस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि फडणवीस इसके जरिए समानांतर प्रशासन चलाने की कोशिश कर रहे हैं। अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा के चलते फडणवीस ने यह पद बनाया है लेकिन पुलिस विभाग में इस तरह की तोड़ मरोड़ ठीक नहीं है। लोंढे ने आरोप लगाया कि फडणवीस मुंबई पुलिस आयुक्त का तबादला नहीं कर पाए इसलिए विशेष पद का निर्माण किया गया।
Created On :   4 Jan 2023 7:23 PM IST