पुलिस अफसरों को तबादले और पोस्टिंग के लिए भ्रष्टाचार का सामना नहीं करना पड़ेगा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। उपमुख्यमंत्री तथा गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि प्रदेश की नई सरकार में पुलिस अफसरों को तबादलों और पोस्टिंग के लिए भ्रष्टाचार का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसलिए पुलिस भी पारदर्शी तरीके से काम करें। पुलिस दल अपनी पुरानी प्रतिष्ठा दोबारा कायम करने के लिए परिश्रम की पराकाष्ठा करें। शनिवार को उपमुख्यमंत्री ने पुणे में राज्य के अपराध और कानून- सुव्यवस्था की समीक्षा के लिए आयोजित वरिष्ठ अधिकारियों की परिषद को संबोधित किया।
पत्रकारों से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की महाविकास आघाड़ी के शासनकाल में पुलिस की साख पर बट्टा लग गया था। इसके मद्देनजर मैंने पुलिस अफसरों को आश्वस्त किया है कि नई सरकार में उन्हें तबादलों और पोस्टिंग को लेकर भ्रष्टाचार का सामना नहीं करना पड़ेगा। सरकार ने बीते दिनों पुलिस अफसरों के बड़े पैमाने पर तबादले और पोस्टिंग की है। जिसमें किसी को तबादले और पोस्टिंग के लिए भ्रष्टाचार का सामना नहीं करना पड़ा है। इसलिए मैंने पुलिस अफसरों से पारदर्शी तरीके से काम की अपेक्षा व्यक्त की है। मैंने अफसरों को पुलिस दल की पुरानी प्रतिष्ठा और साख को वापस कायम करने की दिशा में काम करने को कहा है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए सरकार एक प्लेटफार्म तैयार कर रही है। लेकिन साइबर अपराध में सजादर काफी कम है। इसके मद्देनजर केंद्र सरकार को संबंधित कानून में संशोधन करने के लिए सुझाव दिया गया है। संभवतः केंद्र सरकार बजट सत्र के दौरान कानून में संशोधन करेगी। इसके बाद साइबर अपराध बढ़ाने में मदद मिल सकेगी।
ड्रग्स के खिलाफ शुरू होगा अभियान
इस बीच उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में ड्रग्स के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए एक रणनीति तैयार की जा रही है।
सर्वोत्कृष्ट पुलिस प्रतियोगिता के पुरस्कार का वितरण उपमुख्यमंत्री ने पुणे के कार्यक्रम में साल 2021 के पुलिस घटक प्रतियोगिता पुरस्कार का वितरण किया। वर्ग अ में सर्वोत्कृष्ट पुलिस घटक पुरस्कार जालना के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक विनायक देशमुख और रायगड के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक अशोक दुधे को प्रदान किया गया। सर्वोत्कृष्ट पुलिस घटक (सत्र न्यायालय दोषसिद्धी) श्रेणी में सिंधुदुर्ग के पुलिस अधीक्षक राजेंद्र दाभाडे, पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल के लिए बीड़ के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक आर. राजा और कम्यूनिटी पुलिसिंग के लिए गडचिरोली के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक अंकित गोयल को पुरस्कार दिया गया है। जबकि वर्ग ब में सर्वोत्कृष्ट पुलिस घटक पुरस्कार नागपुर के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार, पुणे के तत्कालीन पुलिस आयुक्त अमिताभ गुप्ता, सर्वोत्कृष्ट पुलिस घटक (दोषसिद्धी) श्रेणी में सोलापुर ग्रामीण की तत्कलीन पुलिस अधीक्षक तेजस्वी सातपुते समेत कई अफसरों को पुरस्कार प्रदान किए गए हैं।
Created On :   14 Jan 2023 7:17 PM IST